Amroha News : उमस भरी गर्मी में बिजली ने बढ़ाई परेशानी, दो घंटे गुल रही सप्लाई, रातभर होती रही ट्रिपिंग
कलक्ट्रेट बिजलीघर क्षेत्र में लाइन में फाल्ट आने से बाधित हुई आपूर्ति, डिडौली में चार से पांच और जोया में तीन घंटे की कटौती
अमरोहा में उमस भरी गर्मी के बीच भारी बिजली कटौती ने लोगों को बेहाल कर दिया है। वहीं, बीलना में पुल मरम्मत के कारण नहटौर-जोया मार्ग 30 सितंबर तक बंद रहेगा।
अमरोहा, अमृत विचार। उमस भरी गर्मी और बारिश के बीच बिजली की आंखमिचौली ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक नियमित बिजली आपूर्ति नहीं मिलने से लोग बेहाल हैं। बीती रात कलक्ट्रेट बिजलीघर क्षेत्र में करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसके बाद फाल्ट ठीक होने पर भी रातभर बिजली की ट्रिपिंग होती रही। बार-बार बिजली आने-जाने से लोगों के घरों में एसी और पंखे भी ठीक तरह से नहीं चल सके।
कुष्ठ आश्रम के पास बिजली की लाइन में फाल्ट आने के कारण कलक्ट्रेट बिजलीघर से जुड़े क्षेत्र में आपूर्ति ठप हो गई। गर्मी और उमस के बीच अचानक बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब दो घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई, लेकिन इसके बाद भी समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई। रातभर बिजली की ट्रिपिंग जारी रही। इससे लोगों की नींद भी प्रभावित हुई। बारिश के बाद बढ़ी उमस के बीच बिजली की कटौती लोगों के लिए और मुश्किलें पैदा कर रही है। घरों में पंखे और कूलर लगातार चलाने की जरूरत पड़ रही है, लेकिन बार-बार बिजली जाने से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही। बिजली आपूर्ति प्रभावित होने का असर छोटे कारोबारियों पर भी पड़ रहा है। दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों में कामकाज प्रभावित होने से व्यापारियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली कटौती का सिलसिला जारी है। डिडौली क्षेत्र में चार से पांच घंटे तक कटौती की जा रही है। वहीं, जोया क्षेत्र में भी करीब तीन घंटे बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। ग्रामीण इलाकों में कटौती के साथ-साथ ट्रिपिंग की समस्या भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। उमस भरी गर्मी में रात के समय बिजली कटौती होने पर लोग घरों की छतों और बाहर बैठकर समय बिताने को मजबूर हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि बारिश के बावजूद उमस कम नहीं हो रही है और ऐसे में बिजली की अनियमित आपूर्ति परेशानी को और बढ़ा रही है। अधिशासी अभियंता दुष्यंत कुमार ने बताया कि कुष्ठ आश्रम के पास लाइन में फाल्ट आने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। कर्मचारियों ने रात में ही फाल्ट ठीक कर आपूर्ति सुचारु कर दी थी। कुछ स्थानों पर ट्रिपिंग की समस्या की जानकारी मिलने पर उसे भी दूर करने के प्रयास किए गए।बीलना में सेतु की मरम्मत के लिए एक माह बंद रहेगा नहटौर-नूरपुर-अमरोहा-जोया मार्ग रामगंगा फीडर नहर पर बने पुल की होगी मरम्मत, एक सितंबर से 30 सितंबर तक वाहनों का आवागमन रहेगा बंद
करीब एक महीने तक नहटौर-नूरपुर-अमरोहा मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा
नहटौर-नूरपुर-अमरोहा-जोया मार्ग पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। मार्ग के किलोमीटर संख्या-39 पर ग्राम बीलना के पास रामगंगा फीडर नहर पर बने सेतु की मरम्मत का कार्य कराया जाएगा। इसके चलते इस मार्ग पर करीब एक महीने तक यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग की ओर से सेतु की मरम्मत के लिए यातायात बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
विभाग के मुताबिक एक सितंबर से 30 सितंबर तक बीलना के पास रामगंगा फीडर नहर पर स्थित सेतु से वाहनों का आवागमन नहीं हो सकेगा। इस दौरान इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा। सेतु पर मरम्मत कार्य शुरू होने के बाद नहटौर, नूरपुर, अमरोहा और जोया की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना पड़ेगा। विभाग ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि यातायात बंद रहने की अवधि में परेशानी से बचने के लिए पहले से वैकल्पिक मार्ग की जानकारी कर लें। लोक निर्माण विभाग ने यातायात के लिए दो वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। वाहन चालक धनौरा-फीना मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा बिजनौर-नूरपुर-छजलैट मार्ग से भी आवागमन किया जा सकेगा। सेतु की मरम्मत का काम पूरा होने के बाद मार्ग को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। विभाग का कहना है कि निर्धारित अवधि में निर्माण और मरम्मत कार्य कराया जाएगा, ताकि सेतु को यातायात के लिए सुरक्षित बनाया जा सके। प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता गौरव रंजन ने बताया कि ग्राम बीलना में रामगंगा फीडर नहर पर बने सेतु की मरम्मत के चलते एक सितंबर से 30 सितंबर तक यातायात बंद रहेगा। वाहन चालकों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
ये भी पढ़ें - Sambhal News : आलू के दाम गिरे तो नहीं डूबेगी किसानों की कमाई, सरकार देगी राहत
