Sambhal News : सरकारी चरागाह की जमीन पर बनी मजार पर चला बुलडोजर, 50 वर्ग मीटर भूमि कब्जामुक्त

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

नीमखेड़ा बझेड़़ा में भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच अंजाम दी गई कार्रवाई, राजस्व विभाग की टीम के साथ सीओ भी रहे मौजूद

संभल के नीमखेड़ा बझेड़ा गांव में सरकारी चरागाह की जमीन पर बनी अवैध मजार पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर 50 वर्ग मीटर भूमि को कब्जामुक्त करा लिया है।

संभल, अमृत विचार। संभल जनपद में  सरकारी जमीनों को कब्जामुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को राजस्व प्रशासन ने नीमखेड़ा बझेड़ा गांव में कार्रवाई की। ग्राम समाज की चारागाह श्रेणी की भूमि के 50 वर्ग मीटर हिस्से पर अवैध कब्जा कर बनाई गई मजार के निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया गया। कार्रवाई नायब तहसीलदार शुभम प्रताप सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने भारी पुलिस बल  की मौजूदगी में की।

गांव में मजार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सीओ अमन सिंह ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। रायसत्ती, नखासा और असमोली थाने की पुलिस के साथ पीएसी को भी तैनात किया गया था।  कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव के अलग-अलग स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। नीमखेड़ा बझेड़ा गांव में गाटा संख्या 1148 की भूमि राजस्व अभिलेखों में चारागाह के नाम दर्ज है। अधिकारियों के अनुसार कुल करीब दो हेक्टेयर सरकारी भूमि में से 50 वर्ग मीटर हिस्से पर कब्जा कर मजार का निर्माण किया गया था। क्षेत्रीय लेखपाल ने इसकी रिपोर्ट तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह को दी थी। इसके बाद तहसीलदार कोर्ट में मामले की सुनवाई शुरू हुई। अधिकारियों के मुताबिक सुनवाई के दौरान किसी व्यक्ति की ओर से आपत्ति दाखिल नहीं की गई। मामले में तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने नौ जून 2026 को सरकारी भूमि से कब्जा हटाने के लिए राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत बेदखली का आदेश जारी किया था। इसके बाद 29 अगस्त को आदेश के अनुपालन के लिए नायब तहसीलदार शुभम प्रताप सिंह के नेतृत्व में राजस्व कर्मियों की टीम गठित की गई। सोमवार को टीम बुलडोजर लेकर गांव पहुंची और कार्रवाई शुरू की। कुछ ही मिनट में सरकारी भूमि पर बने मजार के निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि बेदखली की कार्रवाई पूरी करने के बाद भूमि को ग्राम समाज के सुपुर्द किया जा रहा है।

कार्रवाई के दौरान तीन थानों की पुलिस और पीएसी रही तैनात
मजार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने विशेष सतर्कता बरती। सीओ असमोली अमन सिंह की निगरानी में रायसत्ती, नखासा और असमोली थाने की पुलिस फोर्स के साथ एक प्लाटून पीएसी तैनात की गई। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया था। नायब तहसीलदार शुभम प्रताप सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने की कार्रवाई लगातार जारी है। नीमखेड़ा बझेड़ा गांव में चारागाह के नाम दर्ज सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की रिपोर्ट मिलने के बाद तहसीलदार कोर्ट में सुनवाई हुई थी। नौ जून को बेदखली का आदेश जारी किया गया था, जिसके अनुपालन में राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीनों से अन्य अवैध कब्जे भी नियमानुसार हटाए जाएंगे। वहीं सीओ अमन सिंह ने बताया कि राजस्व विभाग की कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिए तीन थानों की पुलिस और एक प्लाटून पीएसी तैनात की गई थी।

ये भी पढ़ें - Moradabad News : चारा लेने जा रही 17 वर्षीय किशोरी पर आदमखोर तेंदुए का हमला, बाल-बाल बची जान

संबंधित समाचार