517 किमी रेंज वाली MG की नई EV लॉन्च

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

SW MG Motor India ने भारतीय बाजार में अपनी नई इलेक्ट्रिक SUV Hector Tomahawk EV पेश कर दी है। कंपनी ने इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹19.49 लाख तय की गई है। खास बात यह है कि इलेक्ट्रिक SUV को 5-सीटर और 7-सीटर दोनों विकल्पों में खरीदा जा सकता है। इसमें 69.2kWh का बैटरी पैक दिया गया है, जो एक बार चार्ज करने पर 517 किलोमीटर तक की रेंज देने का दावा करता है।

कंपनी ने इस इलेक्ट्रिक SUV को Battery-as-a-Service यानी BaaS विकल्प के साथ भी बाजार में उतारा है। इस योजना के तहत इसकी शुरुआती कीमत ₹13.99 लाख हो जाती है। हालांकि बैटरी के इस्तेमाल के लिए अलग से ₹4.90 प्रति किलोमीटर का भुगतान करना होगा। Hector Tomahawk EV की एक और खासियत यह है कि यह MG का पहला मॉडल है, जिसे कंपनी के ADAPT (Advanced Drive Architecture Platform Technology) प्लेटफॉर्म पर विकसित किया गया है।

SUV का डिजाइन और एक्सटीरियर

517 km range launched

Hector Tomahawk EV को पारंपरिक Hector से अलग इलेक्ट्रिक पहचान देने की कोशिश की गई है। इसके फ्रंट में LED प्रोजेक्टर हेडलैंप्स के साथ LED DRLs मिलते हैं। दोनों DRLs के बीच रोशन MG लोगो दिया गया है। इलेक्ट्रिक SUV में बंद डिजाइन वाला फ्रंट फेशिया भी देखने को मिलता है। इसके अलावा इसमें 18-इंच के डुअल-टोन अलॉय व्हील्स, रूफ रेल्स और ब्लैक बॉडी क्लैडिंग दी गई है। व्हील आर्च से लेकर दरवाजों के निचले हिस्से तक क्लैडिंग SUV को ज्यादा रफ एंड टफ लुक देती है। पीछे की ओर रैपअराउंड LED टेल-लैंप्स और नया डिजाइन किया गया रियर बंपर मिलता है। इसमें ऑटोमैटिक पावर्ड टेलगेट की सुविधा भी मौजूद है। आकार की बात करें, तो इसकी लंबाई 4,745mm, चौड़ाई 1,850mm और ऊंचाई 1,770mm है। SUV का व्हीलबेस 2,810mm और ग्राउंड क्लीयरेंस 230mm है।

कितनी है कीमत?

MG Hector Tomahawk EV को अलग-अलग ट्रिम और सीटिंग कॉन्फिगरेशन में पेश किया गया है। इसके 7-सीटर मॉडल में तीन वेरिएंट उपलब्ध हैं, जबकि 5 सीटर संस्करण केवल Essence ट्रिम में आता है। Excite, 7-सीटर-₹19.49 लाख/ Exclusive, 7-सीटर-₹21.99 लाख/ Essence, 7-सीटर,₹23.49 लाख/ Essence 5-सीटर, ₹22.99 लाख इस तरह SUV की कीमत ₹19.49 लाख से शुरू होकर ₹23.49 लाख तक जाती है। BaaS स्कीम में शुरुआती कीमत ₹13.99 लाख है, जबकि बैटरी के लिए ₹4.90 प्रति किलोमीटर का शुल्क लागू होगा। कंपनी ने अभी अलग-अलग वेरिएंट के लिए BaaS की विस्तृत कीमतें साझा नहीं की हैं।

5 और 7 सीट का विकल्प

MG Hector Tomahawk EV को परिवार की जरूरत के अनुसार 5-सीटर और 7-सीटर कॉन्फिगरेशन में चुना जा सकता है। 5-सीटर मॉडल में 610 लीटर का बूट स्पेस मिलता है। पीछे की सीटें फोल्ड करने पर इसे 1,053 लीटर तक बढ़ाया जा सकता है। वहीं 7-सीटर मॉडल में तीनों रो इस्तेमाल करने पर 192 लीटर का बूट स्पेस मिलता है। तीसरी रो को फोल्ड करने के बाद सामान रखने की क्षमता बढ़कर 528 लीटर हो जाती है।

अंदर से प्रीमियम है केबिन

Hector Tomahawk EV के केबिन में तकनीक और आराम दोनों पर जोर दिया गया है। इसमें 15.6 इंच का बड़ा इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन और 8.8 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले दिया गया है। वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto के अलावा वायरलेस फोन चार्जिंग की सुविधा भी मिलती है। SUV में जेस्चर कंट्रोल का विकल्प भी दिया गया है, जिसके जरिए एयर-कंडीशनिंग और ऑडियो सिस्टम जैसे कुछ फंक्शन्स को हाथ के इशारों से नियंत्रित किया जा सकता है।

फीचर्स की सूची में पैनोरमिक सनरूफ, फ्रंट वेंटिलेटेड सीट्स, 256-कलर एम्बिएंट लाइटिंग और 10-स्पीकर Infinity साउंड सिस्टम शामिल हैं। इसके अलावा पावर्ड टेलगेट, रियर विंडो सनशेड्स और मेमोरी व ऑटो-रिट्रैक्ट फंक्शन वाली ड्राइवर सीट भी मिलती है। केबिन में Nap, Camp, Energise, Pro Pet, Valet और Quiet जैसे अलग-अलग मोड दिए गए हैं, जिन्हें जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल किया जा सकता है।

517 किमी की रेंज

Hector Tomahawk EV में 69.2kWh का बैटरी पैक लगाया गया है। इसमें एक इलेक्ट्रिक मोटर है, जो 204 PS की अधिकतम पावर और 320 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करती है। कंपनी के मुताबिक SUV महज 8.2 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है।

इस इलेक्ट्रिक SUV की सबसे बड़ी खूबियों में इसकी रेंज शामिल है। कंपनी के अनुसार यह MIDC Part 1 और Part 2 के आधार पर एक बार फुल चार्ज होने पर 517 किलोमीटर तक चल सकती है। चार्जिंग के लिए इसमें 90kW DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट दिया गया है। इसके जरिए बैटरी को 20 से 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में करीब 35 मिनट का समय लगता है।

दूसरी EV को भी कर सकती है चार्ज

MG ने Hector Tomahawk EV में Vehicle-to-Load (V2L) और Vehicle-to-Vehicle (V2V) जैसे उपयोगी फीचर्स भी दिए हैं। V2L तकनीक के जरिए SUV की बैटरी से बाहरी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दूसरे अप्लायंसेज चलाए जा सकते हैं। वहीं V2V फीचर की मदद से इस इलेक्ट्रिक SUV की बैटरी से किसी दूसरी इलेक्ट्रिक कार को भी चार्ज किया जा सकता है। कंपनी का दावा है कि Hector Tomahawk EV भारत की पहली V2H यानी Vehicle-to-Home क्षमता वाली कार है। इस तकनीक के जरिए कार की बैटरी को दोतरफा चार्जिंग सिस्टम के माध्यम से घर के उपकरणों को बिजली देने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। कुल मिलाकर, MG Hector Tomahawk EV में लंबी रेंज, बड़ी बैटरी, 5 और 7-सीटर विकल्प, प्रीमियम फीचर्स और V2L, V2V व V2H जैसी तकनीकें इसे भारतीय इलेक्ट्रिक SUV बाजार में एक अलग विकल्प बनाती हैं।