Pilibhit News : पीटीआर की महोफ रेंज में हाथियों का तांडव, तीन मचान क्षतिग्रस्त, तारफेंसिंग भी तोड़ी
पीलीभीत में हाथियों ने मचाया जमकर उत्पात, वनकर्मियों में मची भगदड़, किसानों की फसलें रौंदीं
पीलीभीत टाइगर रिजर्व (PTR) की महोफ रेंज में नेपाल से आए हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया है। हाथियों ने 3 मचान और तार फेंसिंग तोड़ दी।
पूरनपुर, अमृत विचार। देर रात पीटीआर की बराही रेंज से महोफ के जंगल में दाखिल हुए नेपाल के दो हाथियों ने कई घंटे जमकर उत्पात मचाया। इससे वनकर्मियों में भगदड़ मच गई। उत्तराखंड की सुरई रेंज की सीमा तक अलग-अलग जगह पर तीन मचान (वाच टावर) को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। वाच टावर के पास लगी सोलर लाइट व वन कर्मियों के बर्तन आदि सामान भी तोड़ दिया। इसके अलावा जंगल किनारे कुछ जगह तार फेंसिंग भी क्षतिग्रस्त की। इसके बाद हाथी बराही रेंज के जंगल से होते हुए हरीपुर रेंज में पहुंचने के बाद किशनपुर सेंचुरी के जंगल की तरफ चले गए।
नेपाल की शुक्लाफांटा सेंचुरी से आए हाथियों के झुंड ने दो दिन पहले हाथियों ने सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के गांव केसरियापुर के पांच किसानों व चंदिया हजारा के आधा दर्जन से अधिक किसानों की गन्ने की फसल रौंद डाली थी। इसके बाद हाथियों का झुंड पीटीआर की हरीपुर रेंज के जंगल से होते हुए बराही रेंज पहुंचा। रविवार की देर रात हाथी महोफ रेंज के जंगल में दाखिल हुए। उन्होंने उत्तराखंड की सुरई रेंज की सीमा तक जमकर उत्पात मचाया। मुस्तफाबाद से महोफ वन मार्ग और बार्डर मार्ग पर स्थित तीन वाच टावर (मचान) पूरी तरह से तोड़ दिए। मचान के पास लगी सोलर लाइट पोल समेत गिरा दी। वनकर्मियों के भोजन पकाने व खाने के बर्तन आदि को भी नुकसान पहुंचाया। हाथियों के तांडव से वन वाचरों में भगदड़ मच गई। मचान तोड़ने के बाद हाथियों ने जमुनिया सहित तीन-चार स्थानों पर जंगल किनारे तारफेंसिंग भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दी। रात में ही हाथियों का झुंड बराही रेंज के जंगल से होते हुए हरीपुर रेंज के जंगल में पहुंचा। वहां से दुधवा की किशनपुर सेंचुरी के जंगल में चला गया। हाथियों के उत्पात से वन विभाग में खलबली मची रही । सोमवार को महोफ रेंजर ने मौके पर जाकर क्षतिग्रस्त मचान, तारफेंसिंग आदि का निरीक्षण किया और उच्चाधिकारी को हाथियों द्वारा किए गए नुकसान की जानकारी दी।
चंदिया हजारा में भी हाथियों ने मचाया उत्पात, फसल रौंदी
रविवार की रात हरीपुर रेंज के जंगल में पहुंचने के बाद हाथियों के झुंड ने जंगल किनारे स्थित गांव चंदिया हजारा के निताई विश्वास के खेत में खड़ी गन्ने की फसल रौंदी। खेत में रखवाली के लिए बना मचान भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सोमवार सुबह खेत पर पहुंचे किसान को जानकारी लगी। बतादें कि शनिवार की रात को भी हाथियों ने गांव के पुलिन तरफदार, बबलू विश्वास, आदित्य सरकार, सनातन माली, शंकर ढली, कीनू सरकार, सपन राय, तारक के खेत की गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचाया था। ग्राम पंचायत प्रशासक वासुदेव कुंडू ने बताया कि सूचना हरीपुर रेंजर को देकर मुआवजा की मांग की। हरीपुर रेंजर सहीर अहमद ने बताया कि किशनपुर सेंचुरी की तरफ से दो हाथी आए थे। वह वापस लौट गए हैं। वन विभाग की टीम उनकी निगरानी कर रही है।
रविवार की देर रात दो हाथी महोफ रेंज के जंगल में दाखिल हुए थे। उन्होंने उत्तराखंड की सुरई रेंज की सीमा तक अलग-अलग जगह पर स्थित तीन वाच टावर (मचान) पूरी तरह तोड़ दिए। मचान के समीप अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया। जंगल किनारे लगी तारफेंसिंग भी क्षतिग्रस्त की। उत्पात मचाने के बाद दोनों हाथी बराही रेंज के जंगल से होते हुए वापस चले गए हैं। टीम मानिटरिंग कर रही है। - सहेंद्र यादव, रेंजर, महोफ पीटीआर।
ये भी पढ़ें - बरेली में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की बड़ी पहल, अब लखपति से करोड़पति बनेंगी दीदियां
