Moradabad News : स्वाइन फ्लू के चार और बढ़े मरीज, अब तक 13 में पुष्टि
एक का सरकारी अस्पताल तो बाकी मरीजों का निजी अस्पतालों में चल रहा इलाज
मुरादाबाद में स्वाइन फ्लू (H1N1) का खतरा लगातार बढ़ रहा है। 4 नए मरीजों के मिलने से संक्रमितों की कुल संख्या 13 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में स्वाइन फ्लू (एच-1, एन-1) इंनफ्लूएंजा वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने से चिकित्साधिकारियों की चिंता बढ़ रही है। जिले में अब तक 13 मरीजों में स्वाइन फ्लू के लक्षणों की पुष्टि जांच में हो चुकी है। इसे देखते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी ने एडवाइजरी जारी कर सरकारी के साथ निजी अस्पतालों को भी अलर्ट कर दिया है। ऐसे मरीजों के निजी अस्पताल में भर्ती होने पर उनकी जानकारी पोर्टल पर देना अनिवार्य कर दिया गया है।
जिले में स्वाइन फ्लू के चार और मरीज बढ़ गए है। जांच के बाद अब तक 13 में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। इसमें से एक का जिला अस्पताल और बाकी 12 का निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। चिकित्साधिकारियों के अनुसार स्वाइन फ्लू के जिन मरीजों में पुष्टि हुई है इसमें अधिकांश का नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली से लौटने की ट्रेवल हिस्ट्री है। ऐसे में बाहर से लौटने वालों को संभावित लक्षण को देखते हुए तत्काल जांच कराकर विशेषज्ञ चिकित्सक की देखरेख में इलाज कराने की सलाह दी गई है।
उप मुख्य चिकित्साधिकारी और जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रवीन श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में अब तक 13 व्यक्तियों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि जांच में हो चुकी है। इसमें अधिकांश की नोयडा, गाजियाबाद, दिल्ली से लौटने की ट्रेवल हिस्ट्री है। कई ऐसे हैं जो व्यापार के सिलसिले में वहां से आए और उनमें स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए जिसके बाद इलाज करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू (एच-1एन-1) इन्फ्लूएंजा ए वायरस के कारण होने वाली सांस से जुड़ी संक्रामक बीमारी है। सरकारी अस्पतालों में स्वाइन फ्लू की जांच और इलाज की सुविधा मौजूद है। मरीज किसी अपंजीकृत चिकित्सक या स्वयं से मेडिकल स्टोर से लेकर दवा खाने की बजाय विशेषज्ञ चिकित्सक के परामर्श से इलाज कराएं। जिससे उनका प्रभावी निदान व इलाज हो सके। यदि किसी व्यक्ति में इसके गंभीर लक्षण दिखे तो तुरंत विशेषज्ञ से संपर्क कर उनके परामर्श से जांच व इलाज कराएं।
स्वाइन फ्लू के कारण
:: स्वाइन फ्लू (एच-1एन-1) इन्फ्लूएंजा ए वायरस के कारण होने वाली सांस से जुड़ी एक संक्रामक बीमारी है। यह बीमारी एच-1एन-1 वायरस के कारण फैलती है।
: यह संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से निकलने वाली बूंदों (ड्राप्लेट्स) के जरिये हवा से फैलता है। किसी ऐसी सतह को छूने के बाद अपने मुंह, नाक या आंखों को छूने से भी संक्रमण हो सकता है जिस पर वायरस मौजूद हो।
स्वाइन फ्लू के लक्षण
स्वाइन फ्लू के शुरुआती लक्षण सामान्य मौसमी फ्लू जैसे ही होते हैं। जैसे तेज बुखार या ठंड लगना, सूखी खांसी और गले में खराश, शरीर और मांसपेशियों में तेज दर्द, सिरदर्द, अत्यधिक थकान या कमजोरी, नाक बहना या बंद होना।
ये भी पढ़ें - Amroha News : उमस भरी गर्मी में बिजली ने बढ़ाई परेशानी, दो घंटे गुल रही सप्लाई, रातभर होती रही ट्रिपिंग
