Sambhal News : आलू के दाम गिरे तो नहीं डूबेगी किसानों की कमाई, सरकार देगी राहत
संभल के करीब 20 हजार आलू उत्पादक किसानों को मिलेगा लाभ, भंडारण पर भी मिलेगा किसानों को अनुदान
संभल में आलू के दाम गिरने पर किसानों को नुकसान से बचाने के लिए सरकार भामाशाह भाव स्थिरता कोष योजना और भंडारण पर अनुदान देगी।
संभल, अमृत विचार। इस साल कम दाम मिलने से निराश आलू की खेती करने वाले किसानों के लिए राहत भरी खबर है। बाजार में आलू के भाव गिरने पर किसानों को होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए सरकार ने भामाशाह भाव स्थिरता कोष योजना शुरू की है। इसके साथ ही निजी शीतगृहों में आलू का भंडारण करने वाले किसानों को भंडारण शुल्क में भी अनुदान दिया जाएगा। जनपद संभल में करीब 20 हजार आलू उत्पादक किसानों को इन योजनाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।
आलू की बंपर पैदावार के बाद कई बार किसानों को उचित भाव नहीं मिल पाता। ऐसे में लागत निकालना भी मुश्किल हो जाता है। किसानों को इसी समस्या से राहत देने के लिए भामाशाह भाव स्थिरता कोष योजना के तहत बाजार भाव गिरने पर पात्र किसानों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। जिला उद्यान अधिकारी सौरभ बंसल ने बताया कि योजना के तहत एक किसान को अधिकतम दो हेक्टेयर क्षेत्रफल और प्रति हेक्टेयर अधिकतम 200 कुंतल आलू तक का लाभ दिया जाएगा। इससे बाजार में अचानक कीमतों में गिरावट आने पर किसानों को आर्थिक नुकसान से कुछ राहत मिल सकेगी। आलू किसानों को दूसरी बड़ी राहत भंडारण शुल्क में मिलेगी। आलू भंडारण शुल्क अनुदान योजना के तहत निजी शीतगृहों में आलू रखने वाले किसानों को अधिकतम 100 रुपये प्रति कुंतल की दर से अनुदान दिया जाएगा। एक किसान को अधिकतम 20 हजार रुपये तक की सहायता मिलने का प्रावधान है।
योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को Potato.uphorticulture.in पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के दौरान मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, खतौनी, खसरा, कोल्ड स्टोरेज की भंडारण रसीद, निकासी रसीद, गेटपास रसीद, कोल्ड स्टोर किराया रसीद और आलू की बिक्री से संबंधित दस्तावेज अपलोड करने होंगे। ऑनलाइन आवेदन पूरा करने के बाद किसानों को आवेदन पत्र के साथ सभी जरूरी दस्तावेजों की हार्ड कॉपी संबंधित कार्यालय में जमा करनी होगी। पात्रता और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद स्वीकृत अनुदान की धनराशि किसान के आधार से जुड़े बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से सीधे भेजी जाएगी। जिला उद्यान अधिकारी ने आलू उत्पादक किसानों का आहृवान किया कि वे समय रहते ऑनलाइन आवेदन कर दोनों योजनाओं का लाभ उठाएं। अधिकारियों के अनुसार योजनाओं का उद्देश्य आलू किसानों को बाजार भाव में उतार-चढ़ाव और भंडारण लागत के दबाव से राहत देना है।
यहां करें संपर्क
जिला उद्यान अधिकारी सौरभ बंसल ने बताया कि योजना से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए सहायक उद्यान निरीक्षक मौहम्मद आमिर से मोबाइल नंबर 9411274455 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय में भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
ये भी पढ़ें - बरेली में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की बड़ी पहल, अब लखपति से करोड़पति बनेंगी दीदियां
