बरेली में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की बड़ी पहल, अब लखपति से करोड़पति बनेंगी दीदियां
स्वयं सहायता समूहों के गठन में तेजी लाने के निर्देश, हर महीने का लक्ष्य तय कर होगी समीक्षा
बरेली प्रशासन ने लखपति दीदी कार्यक्रम को रफ्तार देने की तैयारी कर ली है। डीएम ने महिलाओं को लखपति से करोड़पति बनाने की दिशा में काम करने के निर्देश दिए हैं।
बरेली, अमृत विचार। गांवों की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए चल रहे लखपति दीदी कार्यक्रम को प्रशासन अब और रफ्तार देने की तैयारी में है। डीएम अविनाश सिंह ने अधिकारियों से साफ कहा कि लक्ष्य सिर्फ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें आगे चलकर करोड़पति दीदी बनाने की दिशा में भी काम किया जाए।
रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में डीएम ने लखपति महिला कार्यक्रम और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की प्रगति की समीक्षा की। डिप्टी कमिश्नर एनआरएलएम ने बताया कि जिले में 1,23,762 स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्यों की आय बढ़ाने का लक्ष्य है। महिलाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
26,883 समूह बनाने का लक्ष्य, होगी निगरानी
वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले में 26,883 स्वयं सहायता समूह बनाने का लक्ष्य मिला है। डीएम ने सभी खंड विकास अधिकारियों को लक्ष्य को महीने के हिसाब से बांटकर कार्ययोजना तैयार करने व नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। वहीं, जिले में अब तक 55,489 संभावित लखपति दीदियों की पहचान की जा चुकी है। डीएम ने कहा कि महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए नवाचार आधारित आजीविका मॉडल तैयार किए जाएं।
बैंक संबंधी समस्याओं को दूर करने को लगेंगे विशेष शिविर
स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते नहीं खुलने के मामलों की भी समीक्षा हुई। भदपुरा और मीरगंज में ज्यादा मामले लंबित मिलने पर डीएम ने बीडीओ और बैंक प्रतिनिधियों को बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने हर ब्लॉक में विशेष शिविर लगाकर समूहों की बैंक संबंधी समस्याओं का मौके पर समाधान कराने को कहा।
ये भी पढ़ें - Bareilly News : सड़क पर गुंडई, बस के आगे लगा दी बुलेट, धमकाया
