बरेली के रक्षित की ऊंची उड़ान : स्पेस टेक स्टार्टअप 'गैलेक्सआई' ने रचा इतिहास, पीएम मोदी ने दी बधाई
नाथनगरी के लाड़ले ने दोस्तों के साथ मिलकर खड़ी की स्टार्टअप कंपनी, पीएम मोदी दे चुके बधाई
पृथ्वी की निगरानी को विकसित की अत्याधुनिक तकनीक, रामपुर गार्डन के कारोबारी मुकुल भट्ट के सुपुत्र हैं रक्षित
बरेली, अमृत विचार। ग्लैमर वर्ल्ड हो या तकनीक का संसार, बरेली के होनहारों की ऊंची उड़ान का सिलसिला तेजी से जारी है। शहर के होनहार रक्षित भट्ट को अंतरिक्ष तकनीक के क्षेत्र में मिली कामयाबी की पूरी दुनिया कायल नजर आ रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी साझा सहयोग से स्टार्टअप कंपनी गैलेक्सआई खड़ी करने वाले रक्षित व उनके दोस्तों से बातचीत कर मिशन दृष्टि की सफलता पर बधाई दे चुके हैं।
रामपुर गार्डन के रहने वाले रक्षित भट्ट भारतीय अंतरिक्ष तकनीक को नई दिशा देने वाली उस टीम का हिस्सा हैं, जिसने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। टीम ने पृथ्वी की निगरानी को अत्याधुनिक उपग्रह तकनीक विकसित की है। गैलेक्सआई की खासियत यह है कि इसमें रडार और ऑप्टिकल इमेजिंग जैसी क्षमताओं को एक साथ इस्तेमाल करने की दिशा में काम किया गया है। बादलों और खराब मौसम जैसी परिस्थितियों में भी पृथ्वी पर नजर रखने की क्षमता को बेहतर बनाने का लक्ष्य बनाकर टीम आगे बढ़ी है। कंपनी की शुरुआत वर्ष 2021 में आईआईटी मद्रास के पूर्व छात्रों की टीम ने की थी। इसके संस्थापक टीम में रक्षित भट्ट के साथ सुयश सिंह, डेनिल चावड़ा, किशन ठक्कर और प्रणित मेहता शामिल हैं। सभी ने मिलकर बेहद कम समय में नामी अंतरिक्ष तकनीक कंपनियों में अपनी जगह बना ली है।
गैलक्सआई ने लॉन्च किया अपना पहला उपग्रह
मिशन दृष्टि की सफलता ने गैलेक्सआई को राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में ला दिया। गैलेक्सआई ने अपना पहला उपग्रह ऑप्टोसार कैलिफोर्निया के वेंडनबर्ग स्पेस फोर्स बेस से स्पेसएक्स के फाल्कन 9 रॉकेट से लॉन्च किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिशन दृष्टि की इस सफलता को भारत की अंतरिक्ष यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए पूरी टीम को बधाई दी थी। पीएम मोदी के साथ टीम की मुलाकात ने रक्षित भट्ट की उपलब्धि को और खास बना दिया।
फोटोस्टेट की दुकान चलाते हैं पिता मुकुल भट्ट
रक्षित भट्ट की सफलता के पीछे उनके परिवार के संघर्ष, मेहनत और समर्पण की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके पिता मुकुल भट्ट रामपुर गार्डन में फोटोस्टेट की दुकान चलाते हैं। देवभूमि उत्तराखंड के मूल निवासी मुकुल भट्ट रोजगार की तलाश में कभी बरेली आए थे और फिर यहीं अपना कारोबार स्थापित किया। उन्होंने अपने बच्चों की शिक्षा को हमेशा प्राथमिकता दी। बेटे और बेटी इंजीनियर हैं। पुत्र रक्षित की अंतरिक्ष तकनीक के क्षेत्र में उपलब्धि ने पूरे परिवार को गर्व से भर दिया है। उनकी उपलब्धि से बरेली के साथ-साथ उनके पैतृक क्षेत्र उत्तराखंड का नाम भी रोशन हुआ है।
ये भी पढ़ें - Bareilly News : शादी के 10 साल बाद पति बोला- 'बीवी पसंद नहीं, अब दूसरी शादी करूंगा', रोती रही पत्नी
