Bareilly News : सड़क पर गुंडई, बस के आगे लगा दी बुलेट, धमकाया
सिटी बस चालक ने इज्जतनगर पुलिस से की शिकायत, मारपीट करने का आरोप, तीन लोग हिरासत में
बरेली के डेलापीर चौराहे पर बुलेट सवार तीन दबंगों ने सिटी बस रोककर चालक और परिचालक से मारपीट की। इज्जतनगर पुलिस ने तीनों को हिरासत में लिया है।
बरेली, अमृत विचार। दबंगों ने सरेराह सिटी बस के आगे बुलेट लगाकर रास्ता रोका और फिर चालक- परिचालक के साथ मारपीट की। चालक आरोपियों की शिकायत करने थाने पहुंचा तो आरोपी भी वहां पहुंच गए। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
भोजीपुरा के पीपलसाना निवासी सिटी बस चालक रंजीत सिंह ने बताया कि वह रविवार दोपहर परिचालक आशीष के साथ जंक्शन से बस लेकर मिनी बाईपास की ओर जा रहे थे। जब वह डेलापीर चौराहे के पास पहुंचे तो एक बुलेट पर तीन लोग उनकी बस के आगे आए और रास्ता रोक लिया। बस रुकते ही आरोपियों ने चालक व परिचालक से गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी मारपीट तक पहुंच गए और जान से मारने की धमकी देने लगे। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। चालक बस लेकर इज्जतनगर थाने पहुंचा तो आरोपी उसका पीछा करते हुए थाने तक आ गए। चालक ने सारी बात पुलिस को बताई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जाने लगी।
इंस्पेक्टर इज्जतनगर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि चालक और बाइक सवारों का विवाद हो गया था। जिसके बाद दोनों पक्ष थाने आ गए। चालक की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
ये भी पढ़ें - बरेली के रक्षित की ऊंची उड़ान : स्पेस टेक स्टार्टअप 'गैलेक्सआई' ने रचा इतिहास, पीएम मोदी ने दी बधाई
