प्रतापगढ़ : रामपुर संग्रामगढ़ क्षेत्र में कई घरों में घुसा पानी,दहशत में ग्रामीण
प्रतापगढ़, अमृत विचार : लगातार बारिश से सोमवार को रामपुर संग्रामगढ़ क्षेत्र के गांवों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होंने से कई घरों में पानी घुस गया। घरों के अलावा पशुशाला, मंदिर,रास्ते बारिश के चपेट में हैं।
कहीं - कहीं पेड़ गिरने से भी ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। संग्रामगढ़, लाला का पुरवा,कस्बा लतीफपुर, असोगी, नरई और हिसमापुर समेत गांवों में चारों तरफ जलमग्न है।
बारिश लगातार होती रही तो स्थिति भयावह हो सकती है। संग्रामगढ़ राजैसा,बलियापुर,कमापट्टी,अरों मार्ग पर सड़क बह गई। जलभराव से परेशान महेश शुक्ल,मोटर मालिक, बनवारी पटेल,सनी सोनकर,गुड्डू हवाई दर,मुकेश सरोज,अमित तिवारी आदि ने बताया कि अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बावजूद अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी विजय शंकर मणि ने बताया कि संबंधित पंचायत सचिवों को समस्या से अवगत करा दिया गया है। समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा।
