Gonda News : ऑटो-बोलेरो की टक्कर से महिला और मासूम की मौत, 6 बच्चे घायल; शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था परिवार
गोंडा, अमृत विचार। यूपी के गोंडा जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहा कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के चचरी मार्ग पर बरगदी-पारा मोड़ के पास सोमवार को तेज रफ्तार बोलेरो ने सामने से आ रहे सीएनजी ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार एक महिला और एक वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि छह बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार शाहपुर धनावा निवासी परिवार के लोग सीएनजी ऑटो बुक कराकर करनैलगंज के सकरौरा में रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। चचरी मार्ग पर बरगदी-पारा मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर भागने लगा। घटना की सूचना मिलने पर चचरी चौकी पुलिस ने पीछा कर टक्कर मारकर भाग रही बोलेरो को इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास रोक लिया और वाहन को कब्जे में ले लिया।
महिला और मासूम की मौत
हादसे में ऑटो सवार सन्नो (30) पत्नी राज अली और उसकी जेठानी के एक वर्षीय बेटे रियाज पुत्र हुसैन की मौत हो गई। वहीं जीनत (7), रियाज अली, साहिल (10) पुत्र रियाज अली, मीना (5) पुत्री रियाज अली, मुस्कान (9) पुत्री हुसैन अली, सिराज (14) पुत्र हुसैन तथा फिजा (10) पुत्री हुसैन निवासी शाहपुर धनावा घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद सन्नो और मासूम रियाज को मृत घोषित कर दिया।
छह बच्चे जिला अस्पताल रेफर
छह बच्चों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ आनंद राय और कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय पुलिस टीम के साथ सीएचसी पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के उपचार और रेफर की व्यवस्था कराई। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि हादसे में शामिल बोलेरो को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
