Sambhal News : पीएम श्री विद्यालय की बदहाली देख भड़के डीएम, कई पर कार्रवाई.. बीएसए और बीईओ से भी मांगा स्पष्टीकरण

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

एमडीएम की रोटी-सब्जी खराब मिली, रसोइया हटाने और प्रधान को नोटिस के आदेश

संभल के पीएम श्री विद्यालय अतरासी में डीएम अंकित खंडेलवाल ने औचक निरीक्षण किया। खराब एमडीएम और गंदगी देखकर डीएम ने रसोइया हटाने और वेतन रोकने के सख्त निर्देश दिए हैं।

संभल, अमृत विचार। पीएम श्री विद्यालय अतरासी में सोमवार को जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने औचक निरीक्षण किया तो बड़ी खामियां देख डीएम का पारा चढ़ गया। विद्यालय में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति वहीं शैक्षिक गुणवत्ता में कमी के साथ ही  खराब भोजन बच्चों को परोसा जाता मिला। गंदगी और मूलभूत सुविधाओं में भी  मिलने सामने आईं। डीएम ने प्रधानाध्यापक, एआरपी और एसआरजी का वेतन रोकने के निर्देश दिए। एमडीएम की गुणवत्ता खराब मिलने पर ग्राम प्रधान को नोटिस जारी करने और जिम्मेदार रसोइया को हटाने के निर्देश दिए गए। विद्यालय की निगरानी में लापरवाही पर बीएसए और बीईओ से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।

औचक निरीक्षण के दौरान डीएम अंकित खंडेलवाल ने विद्यालय का उपस्थिति रजिस्टर देखा तो कम उपस्थिति की बात सामने आई। उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्रधानाध्यापक का वेतन रोकने के निर्देश दिए। कहा कि बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए अभिभावकों से लगातार संपर्क किया जाए। विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था की प्रभावी निगरानी नहीं किए जाने पर संबंधित एआरपी और एसआरजी का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए। डीएम ने विद्यालय में बच्चों को दिए जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता भी परखी। रोटी और सब्जी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली। मिड-डे मील किचन में भी साफ-सफाई की स्थिति खराब पाई गई। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मानक के अनुरूप भोजन नहीं मिलने पर ग्राम प्रधान को  नोटिस जारी करने और खराब गुणवत्ता का भोजन तैयार करने के लिए जिम्मेदार रसोइया को हटाने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विद्यालय परिसर और शौचालयों के निरीक्षण के दौरान गंदगी मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने नियमित और प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सफाईकर्मी की व्यवस्था को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

डीएम ने कहा कि विद्यालय परिसर साफ-सुथरा रहना चाहिए और बच्चों को सभी मूलभूत सुविधाएं सुचारु रूप से मिलनी चाहिए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों का निर्धारित स्कूल यूनिफॉर्म में विद्यालय आना सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए।

कक्षा में पहुंचे डीएम, बच्चों को खुद पढ़ाया गणित
संभल। जिलाधिकारी ने विद्यालय की कक्षाओं का निरीक्षण किया और बच्चों के शैक्षिक स्तर को परखा। उन्होंने विद्यार्थियों से सवाल पूछे और स्वयं गणित पढ़ाकर उनकी समझ का आकलन किया। शैक्षिक गुणवत्ता अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। कक्षा में ग्रीन बोर्ड खराब मिलने पर उसे तत्काल बदलवाने को कहा गया। डीएम ने कक्षाओं में पर्याप्त रोशनी, पंखों और व्यवस्थित फर्नीचर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बीएसए और बीईओ से मांगा स्पष्टीकरण
संभल। विद्यालय में एक साथ कई स्तरों पर कमियां मिलने के बाद डीएम ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रभावी पर्यवेक्षण नहीं किए जाने पर स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता, बच्चों की उपस्थिति, एमडीएम, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ये भी पढ़ें - Budaun News : हापुड़ में गंगा एक्सप्रेस वे पर पलटी कार, चार युवकों की मौत, एक घायल

संबंधित समाचार