Sambhal News : तेज रफ्तार बोलेरो ने बुलेट को रौंदा, बाइक सवार दोनों युवकों की मौत
डेढ़ घंटे बाद हुई मृतकों की पहचान, चालक बोलेरो छोड़कर फरार
संभल में आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बुलेट को रौंद दिया। इस भीषण हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई है।
संभल, अमृत विचार। आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर सोमवार शाम तेज रफ्तार बोलेरो ने बुलेट सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के करीब डेढ़ घंटे बाद दोनों मृतकों की पहचान हो सकी।
हादसा सोमवार शाम थाना बनियाठेर क्षेत्र में मझावली शुगर मिल के पास अफजलपुर डरौली गांव के नजदीक हुआ। बताया गया कि बुलेट सवार दोनों लोग चंदौसी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी बहजोई लेकर गई। वहां चिकित्सक ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से सड़क पर क्षतिग्रस्त बोलेरो को हटवाया और उसे कब्जे में ले लिया। बुलेट मोटरसाइकिल भी पुलिस के कब्जे में है। पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान आफताब निवासी शहबाजपुर कला थाना असमोली व उवैस (14) पुत्र मोहम्मद सऊद निवासी पिपरिया, थाना फैजगंज बेहटा जनपद बदायूं के रूप में हुई है। हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी बोविंद्र शर्मा ने बताया कि सड़क हादसे में बुलेट सवार दो लोगों की मौत हुई है। बोलेरो ने बाइक में टक्कर मारी थी। चालक मौके से फरार है, जबकि वाहन पुलिस के कब्जे में है।
ये भी पढ़ें - Moradabad News : स्वाइन फ्लू के चार और बढ़े मरीज, अब तक 13 में पुष्टि
