कानपुर : एयरपोर्ट के पास पुलिस पर पथराव में लेखपाल समेत सात गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

पुलिस ने मुकदमे में 22 लोगों को नामजद किया

कानपुर, अमृत विचार : चकेरी एयरपोर्ट के पास रविवार शाम पुलिस पर हुए पथराव के मामले में चकेरी पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। अहिरवां चौकी प्रभारी जयवीर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने 22 नामजद समेत 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लेखपाल अंबुज निषाद समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में अंबुज की भूमिका लोगों को पुलिस के खिलाफ भड़काने और पथराव के लिए उकसाने में सामने आई है। गिरफ्तार आरोपितों में लेखपाल अंबुज निषाद के अलावा सौरभ कुमार, कैलाश, दीपू, लवकुश, शांति और गीता शामिल हैं। पुलिस ने मुकदमे में 22 लोगों को नामजद किया गया है। इनमें 15 नामजद आरोपित अभी फरार हैं। इसके अलावा 40 अज्ञात लोगों की भी पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक रविवार शाम पथराव के दौरान भीड़ ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र पर भी हमला किया गया।

आरोप है कि भीड़ में शामिल एक व्यक्ति ने उनके सिर पर सरिया से वार कर दिया। पथराव में अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं। इसके बाद पुलिस ने घटना में शामिल आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू की। पुलिस जांच में सामने आया है कि लेखपाल अंबुज निषाद ने मौके पर मौजूद लोगों को पुलिस के खिलाफ भड़काया और पथराव के लिए उकसाया। पुलिस अब उसकी भूमिका के साथ-साथ उसकी तैनाती और अन्य विभागीय जानकारी भी जुटा रही है।

बताया जा रहा है कि अंबुज पूर्व में बिल्हौर में तैनात था। हालांकि वर्तमान तैनाती की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि पथराव के मामले में सात आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। 15 नामजद आरोपितों समेत अन्य अज्ञात आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  कोर्ट मैनेजर भर्ती: हाईकोर्ट ने जारी की नई नियमावली, भरे जाएंगे 81 पद -छह पद हाईकोर्ट और 75 पद जिला न्यायालयों के लिए, सभी राजपत्रित

संबंधित समाचार