Kanpur News: युवक को घेरकर बेरहमी से पीटा, सड़क पर घसीटकर मारे थप्पड़; मारपीट का वीडियो वायरल
नया शिवली रोड पर कई युवकों ने युवक को घेरकर की मारपीट, राहगीर ने बनाया वीडियो
कल्याणपुर के नया शिवली रोड पर युवक की कई युवकों द्वारा पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
कानपुर, अमृत विचार। कल्याणपुर के नया शिवली रोड पर शनिवार शाम एक युवक की कई युवकों द्वारा पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में कुछ युवक एक युवक को घेरकर उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि हमलावरों ने युवक को लातों से पीटा और सड़क पर घसीटने के बाद उसके चेहरे पर थप्पड़ मारे।
राहगीर ने बनाया मारपीट का वीडियो
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान सड़क से गुजर रहे एक राहगीर ने मारपीट का वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। वायरल वीडियो में कई युवक एक युवक के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, मारपीट की वजह और घटना में शामिल लोगों के बीच विवाद का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
कल्याणपुर थाना प्रभारी ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश की जा रही है। घटना के संबंध में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
