Kanpur News: समाधान दिवस में 160 शिकायतें पहुंचीं, नौ का मौके पर निस्तारण; 22 दिव्यांगों के बने प्रमाणपत्र
मर्चेंट चैंबर सभागार में डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में राजस्व विभाग की सबसे ज्यादा 37 शिकायतें आईं
कानपुर में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 160 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें नौ का मौके पर निस्तारण किया गया। राजस्व विभाग की सबसे ज्यादा 37 शिकायतें रहीं। दिव्यांग शिविर में 40 लोगों का चिकित्सकीय परीक्षण कर 22 दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाए गए।
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर केमर्चेंट चैंबर सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस पर विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 160 प्रकरण आए, इनमें नौ का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष प्रकरणों का सात दिन की निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए विशेष शिविर भी लगा जिसमें 40 दिव्यांगजनों का चिकित्सकीय परीक्षण कर 22 दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाए गए।
शनिवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में मर्चेंट चैंबर सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। उक्त कैंप में सर्वाधिक 37 प्रकरण राजस्व विभाग से संबंधित रहे। नगर निगम के 28, पुलिस के 25, केडीए के 17, केस्को के 13, समाज कल्याण विभाग के आठ और जिला पूर्ति कार्यालय से संबंधित पांच प्रकरण प्राप्त हुए। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरीदत्त नेमी, एसडीएम सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुभव सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
पीड़ितों को त्वरित मिला समाधान
1- ग्राम लुधौरी निवासी विश्वनाथ सिंह का अंश संशोधन काफी समय से लेखपाल स्तर पर लंबित था। जिलाधिकारी के निर्देश पर क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर ही ऑनलाइन अंश संशोधन की कार्रवाई पूरी कर खतौनी में अंश अपडेट करा दिया।
2- बेगमपुरवा निवासी मोहम्मद इदरीश की वृद्धावस्था पेंशन का प्रकरण कई माह से कार्यालय स्तर पर लंबित था। जिलाधिकारी के निर्देश पर क्षेत्रीय लेखपाल से तत्काल आख्या प्राप्त कर ऑनलाइन पोर्टल पर पात्रता संबंधी कार्रवाई पूरी कर प्रकरण का निस्तारण कराया गया।
3- आदर्श नगर रावतपुर निवासी जगदीश सिंह ने न्यायालय के आदेश का अंकन खतौनी में नहीं होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षक को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिस पर मौके पर ही परवाने का अंकन खतौनी में करा दिया गया। खाण्डेराय का पुरवा निवासी देशपति, साकेत नगर की संतोष कुमारी, बिरवाही ग्राम के रामेश्वर कश्यप आदि की समस्याओं का समाधान किया गया।
दिव्यांजनों के लिए लगा विशेष शिविर
संपूर्ण समाधान दिवस पर दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर लगा जिसमें दिव्यांग बोर्ड विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 40 दिव्यांगजनों का चिकित्सकीय परीक्षण किया। इनमें 22 दिव्यांगजनों के प्रमाणपत्र मौके पर ही बनाए गए। तीन आवेदन परीक्षण के बाद निरस्त किए गए, जबकि 15 दिव्यांगजनों को अतिरिक्त जांच के लिए रेफर किया गया।
यह भी पढ़ें:-Teacher's Day 2026 : बाराबंकी में 48 शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक सम्मानित, नवाचारों की हुई सराहना
