Barabanki News : कस्तूरबा विद्यालय में डीएम-एसपी का औचक निरीक्षण, छात्राओं संग किया भोजन; बांटे चश्मे और सुनी समस्याएं

Amrit Vichar Network
On

महमूदाबाद कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में डीएम और एसपी ने औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई, हॉस्टल, कक्षाओं और भोजन की गुणवत्ता जांची। ‘हंसता बचपन, खिलता जीवन’ अभियान के तहत 15 छात्राओं को चश्मे वितरित किए गए। छात्राओं की जलभराव की शिकायत पर डीएम ने इंटरलॉकिंग कराने के निर्देश दिए।

सिलौरीगौसपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने शनिवार को महमूदाबाद स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विद्यालय की साफ-सफाई, हॉस्टल, शौचालय, कक्षाओं और छात्राओं को मिल रही अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं से संवाद कर पढ़ाई, व्यवस्थाओं और समस्याओं की जानकारी ली।

 ‘हंसता बचपन, खिलता जीवन’ अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए नेत्र परीक्षण शिविर में चिन्हित 15 छात्राओं को डीएम और एसपी ने निःशुल्क टेस्टेड चश्मे वितरित किए। इस दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरिफ सिद्दीकी, डॉ. देव प्रताप सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।

छात्राओं के साथ बैठकर किया दोपहर का भोजन

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने छात्राओं के साथ बैठकर दोपहर का भोजन किया और भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा निर्धारित मेनू की जांच की। भोजन मानक के अनुरूप पाया गया। कक्षा 10 उत्तीर्ण पांच छात्राओं तनु, लक्ष्मी, संध्या, लक्ष्मी प्रथम और संध्या प्रथम को प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

आवासीय विद्यालयों में जारी रहेगा औचक निरीक्षण

संवाद के दौरान छात्राओं ने उच्चीकृत एकेडमिक भवन तक जाने वाले मार्ग पर इंटरलॉकिंग और बरसात में जलभराव की समस्या बताई। डीएम ने तत्काल ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता को इंटरलॉकिंग कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शिक्षा और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए औचक निरीक्षण जारी रहेगा। इस दौरान एएसपी मो. आफताब आलम, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा पुनीत मणि त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी संजीव कुमार गुप्ता, वार्डेन ज्योति स्वरूप, शिक्षिकाएं नीलम व सुषमा रानी सहित विद्यालय का स्टाफ और छात्राएं मौजूद रहीं।

यह भी पढ़ें:-Teacher's Day 2026 : बाराबंकी में 48 शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक सम्मानित, नवाचारों की हुई सराहना

संबंधित समाचार