Teacher's Day 2026 : बाराबंकी में 48 शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक सम्मानित, नवाचारों की हुई सराहना
खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव ने किया सम्मानित
शिक्षक दिवस पर बाराबंकी जिले में विभिन्न शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। बंकी में 48 शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक सम्मानित हुए। राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक सुभाष चंद्र श्रीवास्तव भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
बाराबंकी, अमृत विचार। शिक्षक दिवस पर जिलेभर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षकों के योगदान को याद किया गया। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगोष्ठी, खेल प्रतियोगिताएं और सम्मान समारोह हुए। विकासखंड बंकी में विद्यालयों में नवाचारी एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले 48 शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशकों को सम्मानित किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव ने सम्मानित शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालयों में किए जा रहे नवाचार बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ाने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में सहायक हैं। कार्यक्रम में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक सुभाष चंद्र श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके अनुभवों ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।

जिला पंचायत सदस्य डॉ. अवधेश कुमार वर्मा ने भी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। सम्मानित होने वालों में पारुल चौहान, प्रीति तिवारी, अर्चना गुप्ता, अजिता श्रीवास्तव, रेखा वर्मा, नीलम पाण्डेय, रंजना यादव, ख्याति पाण्डेय, नेहा सिंह, उन्नति सिंह, आशा यादव, प्रभाकान्ती, प्रियंका सिंह, रोली वर्मा, ममता पृथ्वीराज, सरला जायसवाल, अंजना वर्मा, अलका सिंह, आरती देवी, वसुधा पाण्डेय, राधारानी सोनी, अंकिता यादव, श्रद्धा सिंह रावत, अर्चना श्रीवास्तव, अलका श्रीवास्तव, यादवेंद्र प्रताप सिंह, नीलम श्रीवास्तव, विकास वैश्य, साक्षी गुप्ता, शुभम टण्डन, सोनम श्रीवास्तव और शालिनी तिवारी शामिल रहे।
बीईओ चंद्रशेखर यादव ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन से प्रेरणा लेते हुए शिक्षकों से विद्यालयों में निरंतर नवाचार कर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं आनंददायी शिक्षा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति को जीवन में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का माध्यम है। कार्यक्रम के आयोजन में वेदप्रकाश श्रीवास्तव, सूरज यादव, राजेंद्र सिंह सहित अन्य नोडल संकुलों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सम्मान समारोह से शिक्षकों में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ।

ग्रामीण बैंक में शिक्षकों का सम्मान: उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की बाराबंकी शाखा में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों को सम्मानित किया गया। बैंक अधिकारियों ने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
बाबा गुरुकुल एकेडमी में समारोह: बहराइच रोड स्थित बाबा गुरुकुल एकेडमी में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से कार्यक्रम शुरू हुआ। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, गीत और स्किट प्रस्तुत की। आजाद, शिवाजी, अशोका और टैगोर हाउस के शिक्षकों के बीच म्यूजिकल चेयर, अप-एंड-डाउन और रैंप वॉक प्रतियोगिताएं हुईं। स्किट में अशोका हाउस प्रथम रहा। प्रबंधक हरपाल सिंह ने कहा कि शिक्षक भावी नागरिकों के निर्माण के शिल्पकार हैं। प्रधानाचार्या सुप्रिया पाण्डेय ने शिक्षकों के योगदान की सराहना की।
चाइल्ड फ्रेण्डली स्कूल में कार्यक्रम: रामसनेहीघाट के ग्राम छन्दवल स्थित बेसिक उत्थान एवं ग्रामीण सेवा संस्थान द्वारा संचालित चाइल्ड फ्रेण्डली स्कूल में विद्यार्थियों ने शिक्षकों को ग्रीटिंग कार्ड और गुलदस्ते भेंट किए। मुख्य अतिथि ओज कवि डॉ. ओपी वर्मा ‘ओम’ ने कहा कि शिक्षक समाज का निर्माता है और भावी पीढ़ी के चरित्र निर्माण की जिम्मेदारी उसके कंधों पर है। संस्था अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने शिक्षकों से निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ दायित्व निभाने का आह्वान किया।

यूटा ने किया शिक्षक अलंकरण: मसौली में यूनाइटेड टीचर एसोसिएशन की ब्लॉक इकाई ने शिक्षक अलंकरण एवं शैक्षिक संगोष्ठी आयोजित की। कार्यक्रम की अध्यक्षता राम मूर्ति यादव ने की। मुख्य अतिथि यूटा जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश उपाध्यक्ष आशुतोष वर्मा तथा विशेष अतिथि राम किशुन बौद्ध रहे। शिक्षक राजीव श्रीवास्तव को छात्रा को जापान तक पहुंचाने और प्रधानमंत्री बाल पुरस्कार तक उपलब्धि दिलाने के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक अध्यक्ष लवलेश ने किया।
टीआरसी लॉ कॉलेज में प्रतियोगिताएं: सतरिख स्थित टीआरसी लॉ कॉलेज में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर समारोह हुआ। अध्यक्ष शासी निकाय डॉ. सुजीत चतुर्वेदी, प्राचार्य डॉ. अश्वनी कुमार गुप्ता और परास्नातक विभागाध्यक्ष डॉ. अविनाश मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित किया। मुख्य अतिथि आरएसएस के जिला कार्यवाह सुधीर कुमार तिवारी रहे। जितेन्द्र शाहू, श्रेया श्रीवास्तव और कुमकुम विश्वकर्मा ने प्रस्तुतियां दीं। डॉ. सुजीत चतुर्वेदी ने शिक्षकों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
जेबीएस ग्रुप में शिक्षक दिवस संग जन्माष्टमी: रामसनेहीघाट के मालिनपुर स्थित जेबीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में शिक्षक दिवस एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई गई। मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह रहे। चेयरमैन पूनम सिंह और प्रबंध निदेशक आकाश सिंह की मौजूदगी में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और शिक्षकों के सम्मान में खेल गतिविधियां आयोजित कीं।
सेवानिवृत्त शिक्षकों ने साझा किए अनुभव: हैदरगढ़ के अवस्थी मेडिकल स्टोर पर सेवानिवृत्त शिक्षकों ने शिक्षक दिवस मनाया। चेयरमैन आलोक तिवारी ने गुरुजनों के प्रति आभार जताया। पूर्व उप बेसिक शिक्षा अधिकारी माता प्रसाद अवस्थी ने कहा कि शिक्षक स्वयं को जलाकर समाज को प्रकाशित करते हैं और सेवानिवृत्ति के बाद भी शिक्षा का प्रकाश फैलाते रहते हैं। डॉ. शिवाकांत शुक्ला ने आचरण पालन पर जोर दिया।
