IIT Kanpur : प्रोफेसर शंकर प्रसाद रथ को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया सम्मानित

Amrit Vichar Network
On

2004 से आईआईटी कानपुर से जुड़े हैं प्रोफेसर रथ

आईआईटी कानपुर के रसायन विज्ञान विभाग के प्रोफेसर शंकर प्रसाद रथ को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार मिला है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें सम्मानित किया। प्रोफेसर रथ 2004 से आईआईटी कानपुर से जुड़े हैं और उनके 165 से अधिक शोध-पत्र प्रकाशित हो चुके हैं।

कानपुर, अमृत विचार। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर (आईआईटी कानपुर) के रसायन विज्ञान विभाग के प्रोफेसर शंकर प्रसाद रथ को शिक्षण, शोध और संस्थान के विकास के लिए राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार हासिल हुआ है। उन्हें यह प्रतिष्ठित पुरस्कार नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रदान किया है। इस वर्ष देशभर के 21 शिक्षकों को यह सम्मान दिया गया। 

आईआईटी कानपुर की ओर से बताया गया कि  प्रोफेसर रथ वर्ष 2004 से आईआईटी कानपुर से जुड़े हुए हैं। उनका शोध इस बात को समझने पर केंद्रित है कि प्रोटीन में मौजूद बहुत छोटे लौह (आयरन) युक्त केंद्र किस प्रकार जीवित कोशिकाओं को ऑक्सीजन का उपयोग करने, ऊर्जा बनाने और जीवन के लिए आवश्यक रासायनिक प्रक्रियाओं को पूरा करने में मदद करते हैं। 

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में 165 से अधिक शोध-पत्र प्रकाशित किए हैं। उनके मार्गदर्शन में अब तक 27 पीएचडी शोधार्थियों, 40 स्नातकोत्तर (मास्टर) विद्यार्थियों और 25 पोस्ट-डॉक्टोरल शोधकर्ताओं ने अपना शोध कार्य पूरा किया है। उन्होंने आईआईटी कानपुर में स्नातक छात्रों के लिए इनऑर्गेनिक मॉलिक्यूल्स, मैटेरियल्स एंड मेडिसिन" नामक वैकल्पिक पाठ्यक्रम तैयार किया है। 

इस पाठ्यक्रम के माध्यम से वे छात्रों को यह समझाते हैं कि रसायन विज्ञान का हमारे दैनिक जीवन और शरीर की विभिन्न प्रक्रियाओं से क्या संबंध है। उन्होंने आईआईटी के प्रिपरेटरी कोर्स में भी पढ़ाया है, जिसका उद्देश्य वंचित पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थियों की शैक्षणिक नींव को मजबूत करना है। सम्मान पर प्रोफेसर शंकर प्रसाद रथ ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त करना उनके लिए बहुत बड़ा सम्मान है। वे इस सम्मान के लिए खुद को गौरवान्वित और आभारी महसूस कर रहे हैं। 

इससे पहले प्रोफेसर रथ को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए कई प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं। इनमें जर्मनी का अलेक्जेंडर वॉन हम्बोल्ट रिसर्च फेलोशिप, जापान का जेएसपीएस इन्विटेशनल फेलोशिप, केमिकल रिसर्च सोसाइटी ऑफ इंडिया (सीआरएसआई) के ब्रॉन्ज और सिल्वर मेडल, सी. एन. आर. राव राष्ट्रीय रसायन विज्ञान पुरस्कार, तथा एसईआरबी-स्टार पुरस्कार शामिल हैं।

संबंधित समाचार