बरेली: 75 परिषदीय स्कूलों के बच्चे करेंगे एडवांस लेवल की पढ़ाई
रजनेश सक्सेना, बरेली। बेसिक शिक्षा विभाग अब बच्चों की पढ़ाई को और एडवांस लेवल पर ले जाने की तैयारी में जुट गया है। नए साल में पढ़ाई का स्तर सुधारने के लिए विभाग जिले के 75 स्कूलों को स्मार्ट बनाने जा रहा है। जिले के 15 ब्लॉकों में इस समय 2485 स्कूल हैं। इनमें 390 …
रजनेश सक्सेना, बरेली। बेसिक शिक्षा विभाग अब बच्चों की पढ़ाई को और एडवांस लेवल पर ले जाने की तैयारी में जुट गया है। नए साल में पढ़ाई का स्तर सुधारने के लिए विभाग जिले के 75 स्कूलों को स्मार्ट बनाने जा रहा है। जिले के 15 ब्लॉकों में इस समय 2485 स्कूल हैं। इनमें 390 संविलियन स्कूल हैं। इन्हीं स्कूलों में से हर ब्लॉक के पांच स्कूलों को चुनकर उन्हें स्मार्ट बनाया जाएगा। इस तरह कुल 75 स्कूलों को एडवांस लेवल की पढ़ाई कराने के लिए तैयार किया जाना है। इसकी शुरुआत 1 जनवरी, 2021 से हो चुकी है।
स्मार्ट होने के बाद इन स्कूलों में बच्चों को एक विज्ञान लैब, एक कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी और एक्टिविटी कक्ष मिलेगा जिसमें वह अपने प्रैक्टिकल और एक्टिविटी कर सकते हैं। इस तरह बच्चों को शुरुआत में ही विज्ञान के प्रैक्टिकल और कम्प्यूटर के बारे में भरपूर जानकारी मिल सकेगी।
इन स्कूलों में कायाकल्प के भी 14 बिंदुओं (टाइल्स, रंगाई पुताई, बाला पेटिंग, शौचालय आदि) पर कार्य किया जाएगा जिससे ये स्कूल अन्य प्रदेशों के लिए एक प्रेरणास्रोत बन सकें। किन स्कूलों को स्मार्ट बनाया जाए, इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से जानकारी मांगी जा रही है। एक सप्ताह में स्मार्ट स्कूलों की सूची तैयार कर इन पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। बीएसए विनय कुमार का कहना है कि डीएम नितीश कुमार और सीडीओ चंद्र मोहन गर्ग ने इस प्रोजेक्ट को शुरू करने के आदेश दिए हैं।
डीएम और सीडीओ के मार्गदर्शन में यह काम कराया जा रहा है। सभी ब्लॉक से पांच स्कूलों को चुनकर उन्हें स्मार्ट बनाया जाएगा। किन स्कूलों को स्मार्ट बनाया जाए, इसकी सूची तैयार कराई जा रही है। -बीएसए, विनय कुमार
