बरेली: एसएसपी साहब! चौकी इंचार्ज करवा रहे मकान पर कब्जा
अमृत विचार, बरेली। महिला ने कैंट पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि चौकी इंचार्ज और सिपाही आरोपियों से सांठगांठ कर मकान पर जबरन कब्जा करवाना चाह रहे हैं। साथ ही महिला ने पुलिस से अपने परिवार को खतरा भी बताया है। पीड़िता की शिकायत के बाद एसएसपी ने थाना पुलिस को मामले की …
अमृत विचार, बरेली। महिला ने कैंट पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि चौकी इंचार्ज और सिपाही आरोपियों से सांठगांठ कर मकान पर जबरन कब्जा करवाना चाह रहे हैं। साथ ही महिला ने पुलिस से अपने परिवार को खतरा भी बताया है। पीड़िता की शिकायत के बाद एसएसपी ने थाना पुलिस को मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
कैंट थाना क्षेत्र के बंगला नंबर एक की रहने वाली शबीना पत्नी इमरान ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके पति को सास ने एक मकान दिया था जिसमें चौथे नंबर का कमरा उसके हिस्से में आया था। सास की मौत के बाद से उसके पति लगातार उसी कमरे में रह रहे हैं।
आरोप है कि उसका देवर जबरन उक्त कमरे पर कब्जा करना चाह रहा है। महिला ने बताया कि कैंट थाना क्षेत्र के ही एक चौकी इंचार्ज और चीता मोबाइल पर तैनात सिपाही भी जबरन उसे मकान से निकलवाने में मदद कर रहे हैं। कमरे का वसीयतनामा दिखाने के बाद भी चौकी इंचार्ज नहीं मान रहे हैं।
आरोप है कि वे मकान खाली करवाने को लेकर आए दिन उसके दरवाजे पर आकर गाली-गलौच करते हैं। महिला ने शनिवार को एसएसपी रोहित सिंह सजवाण से मिलकर चौकी इंचार्ज और सिपाही से परिवार को खतरा बताकर शिकायत की है। इसके बाद एसएसपी ने पुलिस को मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
