कोरोनो वैक्सीन को लेकर अखिलेश के बाद बोले उमर अब्दुल्ला- जब मेरी बारी आएगी तो…

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

श्रीनगर। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा शनिवार को कोरोना वायरस टीके को ”भाजपा का टीका” करार दिये जाने के कुछ ही घंटे बाद नेशनल कांफ्रेंस  के नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा कि कोविड-19 टीके का संबंध किसी राजनीतिक दल से नहीं बल्कि मानवता से है। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने ट्विटर पर …

श्रीनगर। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा शनिवार को कोरोना वायरस टीके को ”भाजपा का टीका” करार दिये जाने के कुछ ही घंटे बाद नेशनल कांफ्रेंस  के नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा कि कोविड-19 टीके का संबंध किसी राजनीतिक दल से नहीं बल्कि मानवता से है।

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने ट्विटर पर लिखा, ”मैं किसी और के बारे में तो नहीं कह सकता, लेकिन जब मेरी बारी आएगी तो मैं खुशी-खुशी टीका लगवाउंगा।” अब्दुल्ला ने कहा कि जितने ज्यादा लोग टीका लगवाएंगे, देश और अर्थव्यवस्था के लिये उतना ही बेहतर होगा। उन्होंने ट्वीट किया, ”कोई भी टीका किसी राजनीतिक दल से संबंध नहीं रखता।

उनका संबंध मानवता से है। संवेदनशील लोगों को जितना जल्दी टीका लगाया जाए, उतना बेहतर होगा।” वहीं यादव ने लखनऊ में पत्रकारों से कहा, ”भाजपा जो टीका लगवाएगी, मैं उस पर कैसे भरोसा करूं? मैं भाजपा का टीका नहीं लगवा सकता।”

वहीं, अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुये प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और भाजपा नेता केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव को टीका पर भरोसा नहीं है और यह देश के डॉक्टरों और वैज्ञानिकों का अपमान है। उन्होंने कहा, ”अखिलेश यादव जी को टीका पर भरोसा नहीं है और उत्तर प्रदेश वासियों को उनपर (अखिलेश यादव) पर भरोसा नहीं है।

उनका टीके पर सवाल उठाना, हमारे देश के चिकित्सकों एवं वैज्ञानिकों का अपमान है जिसके लिए उन्हें माफ़ी माननी चाहिए।” उन्होंने कहा कि जो मुख्यमंत्री के पद पर रहा हो उसे इस प्रकार का बयान देने से पहले गंभीरता से विचार करना चाहिए।

इसी घटनाक्रम में शनिवार शाम करीब सात बजे यादव ने ट्वीट किया, ” हमें वैज्ञानिकों की दक्षता पर पूरा भरोसा है पर भाजपा की ताला-थाली वाली अवैज्ञानिक सोच और भाजपा सरकार की वैक्‍सीन लगवाने की उस चिकित्‍सा व्‍यवस्‍था पर भरोसा नहीं है, जो कोरोनाकाल में ठप सी पड़ी रही है।

हम भाजपा की राजनीतिक वैक्‍सीन नहीं लगवाएंगे। सपा की सरकार नि:शुल्क टीका लगवाएगी।” उधर, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्‍यक्ष स्‍वतंत्र देव सिंह ने अखिलेश यादव को टैग करते हुए ट्वीट किया, ”भ्रष्‍टाचार और गुंडाराज को समाप्‍त करने के लिए भाजपा की वैक्‍सीन कारगर साबित हुई है।

आप कौन सी वैक्‍सीन की बात कर रहे हैं अखिलेश यादव जी।” भाजपा के प्रदेश मंत्री डॉक्‍टर चंद्रमोहन ने भी सपा अध्यक्ष के बयान की निंदा करते हुए उनसे बयान वापस लेने की मांग की है। उन्‍होंने कहा, ”टीका पार्टी का नहीं देश का है, वैज्ञानिकों के सपनों का है। अखिलेश यादव के मुंगेरीलाल के सपने कभी पूरे नहीं होंगे, क्‍योंकि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के साथ है।

संबंधित समाचार