गाजियाबाद: अंत्येष्टि के लिए गए लोगों पर मौत बनकर गिरी श्मशान घाट की छत, 25 की मौत, मोदी ने जताया दुख

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के मुरादनगर में रविवार को श्मशान घाट परिसर की छत गिरने से 25 लोगों की मौत हो गयी और 28 अन्य घायल हो गये। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आज तड़के से हो रही तेज बारिश के कारण मुरादनगर में बंबामार्ग पर स्थित …

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के मुरादनगर में रविवार को श्मशान घाट परिसर की छत गिरने से 25 लोगों की मौत हो गयी और 28 अन्य घायल हो गये। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आज तड़के से हो रही तेज बारिश के कारण मुरादनगर में बंबामार्ग पर स्थित श्मशान घाट परिसर की छत और दीवार गिर गई हैं।

घटना के समय श्मशान घाट पर अंत्येष्टि हो रही थी, इस कारण वहां एकत्र करीब 40 से अधिक लोग मलबे में दब गये। उन्होंने कहा कि घटना में 25 लोगों की मौत हो गयी है और 28 से अधिक लोग घायल हो गये। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

राहत और बचाव कार्य जारी है। मलबे से कई लोगों को निकाल लिया गया है। दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर खेद प्रकट करते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

योगी ने मुरादनगर हादसे में मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख देने के निर्देश दिए

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गाजियाबाद के मुरादनगर में श्मशान की छत गिरने की घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते मृतकों के आश्रितों को 02-02 लाख रुये की अर्थिक सहायता के देने निर्देश दिए है।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। योगी ने इस घटना के संबंध में मेरठ के मण्डलायुक्त एवं एडीजी, मेरठ जोन को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गाजियाबाद हादसे पर दुःख व्यक्त किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है। पीएम ने ट्वीट किया, ‘उत्तर प्रदेश के मुरादनगर में हुए दुर्भाग्यपूर्ण हादसे की खबर से अत्यंत दुख पहुंचा है। राज्य सरकार राहत और बचाव कार्य में तत्परता से जुटी है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं, साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

पीएम के अलावा उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी गाजियाबाद जिले के मुरादनगर में शमशान घाट की छत गिरने के हादसे में हुई अनेक लोगों की मृत्यु पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। राज्यपाल ने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है।

संबंधित समाचार