बरेली: बोर्ड परीक्षाओं का तनाव दूर करेगा मनोविज्ञान केंद्र
अमृत विचार, बरेली। बोर्ड परीक्षाओं को लेकर अक्सर बच्चे तनाव में आ जाते हैं। इसका असर उनकी पढ़ाई पर पड़ता है और वे परीक्षा में अपनी क्षमता के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाते। बच्चों को इसी तनाव से दूर रखने के लिए अब मनोविज्ञान केंद्र उनकी मदद करेगा। जिले के मनोविज्ञान केंद्र की ओर से …
अमृत विचार, बरेली। बोर्ड परीक्षाओं को लेकर अक्सर बच्चे तनाव में आ जाते हैं। इसका असर उनकी पढ़ाई पर पड़ता है और वे परीक्षा में अपनी क्षमता के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाते।
बच्चों को इसी तनाव से दूर रखने के लिए अब मनोविज्ञान केंद्र उनकी मदद करेगा। जिले के मनोविज्ञान केंद्र की ओर से एक मोबाइल नंबर भी जारी किया गया है जिस पर बच्चे अपनी समस्याओं के बारे में विशेषज्ञों से सलाह ले सकते हैं।
डायट प्राचार्या डॉ. शशि देवी शर्मा ने बताया कि जीआईसी के सामने रोड पर मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र संचालित होता है। कोरोना काल में बच्चों को परीक्षा के बारे में बताने और उन्हें डिप्रेशन से दूर रखने के लिए इस केंद्र में दो विशेषज्ञों याशिका वर्मा और रविंद्र को तैनात किया गया है।
ये दोनों मनोविज्ञान के प्रवक्ता हैं जो बच्चों की समस्याओं का समाधान करने में मदद करेंगे। याशिका बताती हैं कि वह हर दिन मनोविज्ञान केंद्र में बैठती हैं। यदि किसी भी छात्र को कोई समस्या हो तो वह 8791815522 पर कॉल करके समाधान ले सकता है। हालांकि, बोर्ड परीक्षाओं के करीब आते ही बच्चों और अभिभावकों के लिए मनोविज्ञान शाला प्रयागराज से एक टोल फ्री नंबर भी जारी किया जाएगा।
कोरोना की वजह से फोन पर सलाह ज्यादा सुरक्षित
याशिका बताती हैं कि कोरोना की वजह से वह फिलहाल फोन पर संपर्क करना ज्यादा सुरक्षित समझती हैं। वह लोगों को यही सलाह देती हैं कि जिसे भी काउंसिलिंग करानी है वह जारी किए गए नंबर पर कॉल करे। इससे संक्रमण का खतरा भी नहीं होगा और काउंसिलिंग भी आसानी से हो जाएगी। हां, ज्यादा बड़ी समस्या होने पर उसे केंद्र भी लाया जा सकता है।
