मुरादाबाद: दूर होगी फोर्स की कमी, मिलेंगे 183 पुलिसकर्मी
मुरादाबाद, अमृत विचार। इस वर्ष में जिले की पुलिसिंग बेहतर होगी। खासतौर पर लंबे समय से थानों में चल रहा फोर्स का टोटा दूर हो जाएगा। वर्ष 2021 में जिले को 183 पुलिस कर्मी मिलेंगे। यह पुलिस कर्मी करीब चार माह से पुलिस लाइन में पुलिसिंग की बारीकियां सीख रहे हैं। मार्च तक प्रशिक्षण पूरा …
मुरादाबाद, अमृत विचार। इस वर्ष में जिले की पुलिसिंग बेहतर होगी। खासतौर पर लंबे समय से थानों में चल रहा फोर्स का टोटा दूर हो जाएगा। वर्ष 2021 में जिले को 183 पुलिस कर्मी मिलेंगे। यह पुलिस कर्मी करीब चार माह से पुलिस लाइन में पुलिसिंग की बारीकियां सीख रहे हैं। मार्च तक प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी की थानों में तैनाती कर दी जाएगी।
वक्त के साथ आबादी बढ़ती गई लेकिन थानों में पुलिस कर्मियों की तैनाती मानक करीब 34 साल पुराना है। थानों में पुलिस कर्मियों के पद उस वक्त की आबादी के हिसाब से तय किए गए थे। हालांकि आज हालात पूरी तरह से बदल गए हैं। आबादी कई गुना बढ़ने के साथ ही अपराध भी बढ़ गया है। हाईटेक दौर में अपराधियों के अपराध करने के तरीके भी हाईटेक हो गए हैं। पर, अपराध नियंत्रित करने के लिए थानों में पर्याप्त फोर्स नहीं हैं।
यही वजह है कि कई बार पुलिसकर्मी 24 घंटे ड्यूटी करने के लिए मजबूर हो जाते हैं। एक दिन के अवकाश के लिए अफसरों के चक्कर काटने पड़ते हैं। जिसकी वजह है कि अधिकतर थानों में मानक के अनुसार भी पुलिस कर्मियों की तैनाती न होने के कारण फोर्स की कमी चल रही है।
इस वर्ष दूर होगा फोर्स का टोटा
हालांकि वर्ष 2021 पुलिसिंग के लिए राहत भरा रहेगा। जहां बाहर से आने वाले पुलिस कर्मियों के ठहराव के लिए पुलिस लाइन में 11 मंजिला नए भवन का निर्माण पूरा हो जाएगा। वहीं इस वर्ष थानों में फोर्स की कमी भी काफी हद तक दूर हो जाएगी। मार्च तक 183 पुलिस कर्मियों की तैनाती थानों में कर दी जाएगी। यह वह रिक्रूट्स हैं जो पिछले चार माह से पुलिस लाइन में प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं।
चार माह से रिक्रूट्स प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं। मार्च तक प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उनकी तैनाती कर दी जाएगी।-इंद्रवीर सिंह, प्रतिसार निरीक्षक
