बरेली: इस बार 26.5 लाख मतदाता पंचायत चुनाव में करेंगे वोटिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। प्रदेश में 15 से 30 मार्च के बीच में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होने की सुगबुगाहट से दावेदारों में हलचल बढ़ गई है। एक ओर जहां दावेदारों ने गांवों में बैठकी शुरू कर दी है वहीं, जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) ने भी अधिसूचना जारी होने से पहले अपनी तैयारियां पूरी …

बरेली, अमृत विचार। प्रदेश में 15 से 30 मार्च के बीच में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होने की सुगबुगाहट से दावेदारों में हलचल बढ़ गई है। एक ओर जहां दावेदारों ने गांवों में बैठकी शुरू कर दी है वहीं, जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) ने भी अधिसूचना जारी होने से पहले अपनी तैयारियां पूरी करने की कार्यवाही तेज कर दी है।

इस बार जिले में करीब 26.5 लाख मतदाता मतदान करेंगे। वर्ष 2015 में हुए पंचायत चुनाव में 2105485 मतदाताओं ने वोट डाले थे। इन पांच सालों में करीब 5.45 लाख वोटर बढ़ गये। अंतिम सूची जारी नहीं हुई लेकिन इसके आसपास ही मतदाताओं की संख्या रहेगी। बता दें कि वर्ष 2015 में हुए चुनाव में 2105485 मतदाताओं में से 1134080 पुरुष और 971405 महिलाएं थीं। पांच साल पहले 15 विकास खंडों में 3243374 जनसंख्या थी। जनपद में 1193 ग्राम पंचायत, 1467 क्षेत्र पंचायत और 60 जिला पंचायत हैं।

1193 ग्राम पंचायतों में हुए पुनरीक्षण कार्य में यह स्थिति निकली
क्यारा में 44 ग्राम पंचायतों में 23229, भोजीपुरा की 77 ग्राम पंचायतों में 26344, बिथरी चैनपुर की 74 ग्राम पंचायतों में 38912, बहेड़ी की 108 पंचायतों में 49135, शेरगढ़ की 89 पंचायतों में 42013, दमखोदा की 73 पंचायतों में 33259, फरीदपुर की 78 पंचायतों में 28010, भुता की 92 पंचायतों में 32840, नवाबगंज की 107 पंचायतों में 17945, भदपुरा की 79 में 26798, मीरगंज की 67 पंचायतों में 28770, फतेहगंज पश्चिमी की 67 ग्राम पंचायतों में 27648, आलमपुर जाफराबाद की 92 पंचायतों में 35845, मझगवां की 87 पंचायतों में 39976, रामनगर की 59 पंचायतों में 27029 मतदाता पुनरीक्षण कार्य में बढ़े हैं।

इधर, 1 जनवरी 2021 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं ने भी 3 जनवरी तक आवेदन किये हैं। 4 जनवरी से 11 जनवरी तक दावे, आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। 12 जनवरी से 21 जनवरी तक दावे, आपत्तियों के निस्तारण के बाद पूरक सूचियों की पांडुलिपियों की तैयारी होगी। अंतिम सूची 22 जनवरी को प्रकाशित होगी। इसमें माना जा रहा है कि बरेली जनपद में करीब 65 हजार मतदाता और बढ़ेंगे।

पांच साल में 83862 वोटरों की हो चुकी है मौत
वर्ष 2015 में हुये चुनाव के बाद से अब तक जिन लोगों की मृत्यु हो चुकी है उनके वोट कैंसिल हो गए है। मतदाता पुनरीक्षण कार्य के दौरान विलोपन (जिनकी मृत्यु हो चुकी है) वोटरों का डाटा भी एकत्र किया गया। 83862 मतदाताओं के वोट कैंसिल निकले। इनका डाटा भी निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किया गया है। 11049 मतदाताओं के नाम में संशोधन भी कराया गया है।

चार रंगों में तैयार कराये गये पंचायत चुनाव के मतपत्र
त्रिस्तरीय पंचायत की तैयारियों के बीच मतपत्र बरेली पहुंच चुके हैं। इस बार मतपत्रों को चार रंगों में छपवाया गया है। इसमें सदस्य ग्राम पंचायत का मतपत्र सफेद, प्रधान ग्राम पंचायत का हरा, सदस्य क्षेत्र पंचायत का नीला और सदस्य जिला पंचायत का गुलाबी है। 92 लाख मतपत्र दिल्ली से मंगाये गये हैं। साथ ही 55 प्रकार के करीब पांच लाख प्रपत्र भी रामपुर की सरकारी प्रेस से मंगाए गये हैं। मतपत्रों पर नंबर भी पड़े हैं। यहां मतपत्रों को डबल लॉक में वरिष्ठ कोषाधिकारी की उपस्थिति में आपूर्ति विषयक रजिस्टर से मिलान कराकर सुरक्षित रखा गया है। एक-एक हजार के बंडलों में मतपत्र हैं।

संबंधित समाचार