बाराबंकी: सावित्रीबाई फुले के बताए रास्तों पर महिलाएं देश को आत्मनिर्भर बना सकती- अतुल कोठारी
रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। सावित्रीबाई फुले बालिका पुस्तकालय व नाना देशमुख जल संरक्षण सरोवर का तहसील परिसर में सोमवार को उद्घाटन हुआ। इस दौरान सचिव अतुल कोठारी ने कहा कि सावित्रीबाई फुले द्वारा बताए गए रास्तों पर चलकर महिलाएं महिला सशक्तिकरण को पूरी तरह सफल बनाकर स्वयं और देश को आत्मनिर्भर बना सकती हैं। समारोह से पूर्व …
रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। सावित्रीबाई फुले बालिका पुस्तकालय व नाना देशमुख जल संरक्षण सरोवर का तहसील परिसर में सोमवार को उद्घाटन हुआ। इस दौरान सचिव अतुल कोठारी ने कहा कि सावित्रीबाई फुले द्वारा बताए गए रास्तों पर चलकर महिलाएं महिला सशक्तिकरण को पूरी तरह सफल बनाकर स्वयं और देश को आत्मनिर्भर बना सकती हैं।
समारोह से पूर्व कोठारी ने स्थानीय विधायक सतीश शर्मा तथा जिलाधिकारी आदर्श सिंह के साथ सरदार बल्लभ भाई पटेल की मूर्ति पर माल्यार्पण करने के साथ ही तहसील परिसर में स्वयं सहायता समूह द्वारा बनाई गई कैंटीन सावित्री बाई फुले बालिका पुस्तकालय तथा नाना देशमुख जल संरक्षण सरोवर का उद्घाटन किया। कोठारी का स्वागत विधायक श्री शर्मा, जिलाधिकारी डॉ आदर्श सिंह तथा ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दिव्यांशु पटेल तथा तहसीलदार तपन कुमार मिश्र ने किया।
कार्यक्रम की जल्दबाजी,आधी अधूरी तैयारियों के साथ कराया गया उद्घाटन
तहसील प्रशासन द्वारा जल्दबाजी में आधी अधूरी तैयारियों के साथ नाना देशमुख जल संरक्षण सरोवर का उद्घाटन कराया गया। बताया जाता है कि सरोवर में सोमवार की सुबह वन विभाग द्वारा नाम मात्र का पानी भरवा कर सरोवर नाम दे दिया गया। यही नहीं इस सरोवर तक जाने के लिए रास्ते का निर्माण भी अभी तक नहीं हो सका है।
मुख्य गेट पर लगी पूर्व तहसीलदार की मूर्ति का नहीं हुआ अनावरण
दो माह पूर्व तहसील प्रशासन द्वारा तहसील मुख्यालय के सामने पूर्व तहसीलदार स्व हरिशंकर सिंह की मूर्ति का अनावरण करके पार्क का निर्माण कराया गया था। सोमवार को वहां कई कर्मचारी फूल माला लिए खड़े रहे लेकिन अधिकारियों ने उस ओर रुख करना मुनासिब नहीं समझा।
कार्यक्रम की बदहाल व्यवस्था से लोग हुए नाराज
समारोह स्थल तक जाने के लिए प्रशासन द्वारा बाकायदा गैलरी बनाकर गुब्बारे लगाए गए थे। लेकिन कार्यक्रम स्थल पर मंच को तो खूब संवारा गया था लेकिन आम जनता के बैठने के लिए व्यवस्था बदतर रही, साउंड व्यवस्था भी सही ना होने के कारण वक्ताओं की आवाज ही लोगों तक नही पंहुच सकी।
तहसील गेट पर भाकियू का चलता रहा धरना
तहसील गेट पर ही भारतीय किसान यूनियन धर्मेंद्र गुट द्वारा दिए जा रहे धरने को भी नजरअंदाज किया गया।
भारतीय किसान यूनियन के धर्मेंद्र गुट द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर तहसील गेट के पास धरना दिया जा रहा था गेट से जिलाधिकारी के साथ ही तमाम जिला स्तरीय अधिकारी समारोह स्थल तक गए और वहां से वापस आकर अपनी गाड़ियों में बैठकर चले गए। लेकिन किसी भी अधिकारी ने इन धरना देने वालों से उनकी समस्या के समाधान को जानना जरूरी नहीं समझा। जिससे किसानों में रोष व्याप्त है।
भाजपा के जिलाध्यक्ष को भी अधिकारियों ने किया उपेक्षित, कार्यकर्ताओ में रोष
तहसील परिसर में आयोजित सावित्रीबाई पुस्तकालय व नाना देशमुख जल संरक्षण सरोवर के उद्घाटन कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव कि ना मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही। तहसील मुख्यालय पर ही रहने वाले भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव का तहसील मुख्यालय पर ही होने वाले कार्यक्रम मे ना मौजूदगी लोगों में चर्चा का विषय बनी रही। केंद्रीय शिक्षा सचिव अतुल कोठारी के कार्यक्रम में विधायक सतीश शर्मा तो शामिल हुए लेकिन जिलाध्यक्ष नदारद दिखे। इस संबंध में जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव ने बताया कि तहसील प्रशासन द्वारा उन्हें कार्यक्रम में नहीं बुलाया गया था, इसलिए वह वहां नहीं गए। तहसील प्रशासन द्वारा जिलाध्यक्ष की अनदेखी से भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी रोष व्याप्त है।
