अयोध्या: योजनाओं को लाभ दिलाने के लिए श्रम विभाग ने आयोजित किया पंजीकरण कार्यक्रम
अयोध्या, अमृत विचार। प्रदेश सरकार की ओर से श्रमिकों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देने और उनका लाभ दिलाने व श्रमिकों का पंजीकरण कराने के लिए बुधवार को श्रम विभाग की ओर से नाका रायबरेली रोड स्थित लेबर अड्डे पर कार्यक्रम का आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में संत रविदास …
अयोध्या, अमृत विचार। प्रदेश सरकार की ओर से श्रमिकों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देने और उनका लाभ दिलाने व श्रमिकों का पंजीकरण कराने के लिए बुधवार को श्रम विभाग की ओर से नाका रायबरेली रोड स्थित लेबर अड्डे पर कार्यक्रम का आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में संत रविदास शिक्षा सहायता योजना के तहत 16 मेधावी छात्र छात्राओं को साइकिल और 26 श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति का प्रमाण पत्र वितरित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि भाजपा की सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है। इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक है कि श्रमिक का ऑनलाइन पंजीकरण हो। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि अपने निकटतम जन सेवा केंद्र जाकर पंजीकरण करा ले, जिससे जन्म से लेकर मृत्यु तक श्रम विभाग की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ हासिल हो सके।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य बलराम मौर्या ने कहा कि श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य की ओर से योजनाओं का लाभ श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किया जा रहा है।
जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने बताया कि योजना का लाभ हासिल करने के लिए पंजीकरण आवश्यक है। श्रमिक ’प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना’ तथा अन्य योजनाओं का लाभ लेने के लिए निकटतम जन सुविधा केंद्र से अपना पंजीकरण करा ले।
उप श्रम आयुक्त अनुराग मिश्रा ने बताया कि विभाग की ओर से दिसंबर 20 तक 36513 श्रमिकों का पंजीकरण किया गया। जिससे अब जनपद में पंजीकृत श्रमिकों की तादाद 84664 पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि जनपद के 17193 पंजीकृत श्रमिकों को इस वर्ष तीन करोड़ 77 लाख 7000 रुपये का अनुदान दिलाया जा चुका है।
अब तक जनपद के 35003 पंजीकृत श्रमिक 14 करोड़ 78 लाख 95000 रुपये का अनुदान हासिल कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि 31 मार्च 2021 तक श्रमिक पंजीयन एवं नवीनीकरण शुल्क माफ है। श्रमिक इसका फायदा उठाएं और भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत संचालित योजनाओं ’मातृत्व शिशु बालिका मदद योजना’ ’मृत्यु, विकलांगता एवं अक्षमता पेंशन योजना’, ’कन्या विवाह सहायता योजना’, ’चिकित्सा सुविधा योजना’, ’पेंशन योजना’, ’संत रविदास शिक्षा सहायता’ एवं ’मेधावी छात्र पुरस्कार योजना’ का लाभ उठाएं।
उप श्रम आयुक्त ने बताया कि कार्यक्रम में पंजीकृत श्रमिकों के मेधावी 16 पुत्र पुत्रियों को साइकिल और विभिन्न योजनाओं के 26 लाभार्थियों को स्वीकृत प्रमाण पत्र मुख्य अतिथि की ओर से वितरित किया गया। कोरोनावायरस से बचाव के लिए इंडो गल्फ फर्टिलाइजर के सहयोग से 400 श्रमिकों को प्रचार सामग्री और दो-दो मास्क और एक-एक साबुन वितरित कराया गया है।
