शाहजहांपुर: ठेकेदार के धमकाने पर कोटेदार के बेटे ने खुद को मारी गोली, मौत
शाहजहांपुर(खुटार),अमृत विचार। धान क्रय केंद्र के ठेकेदार से रूपये के लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद में धमकी देने पर कोटेदार के बेटे ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह ठेकेदार ने फोन करके जान से मारने की धमकी दी थी। जिससे कोटेदार का बेटा डर गया और उसने गांव के बाहर …
शाहजहांपुर(खुटार),अमृत विचार। धान क्रय केंद्र के ठेकेदार से रूपये के लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद में धमकी देने पर कोटेदार के बेटे ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह ठेकेदार ने फोन करके जान से मारने की धमकी दी थी। जिससे कोटेदार का बेटा डर गया और उसने गांव के बाहर आम के बाग में तमंचे से सीने में गोली मार ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव और पास में पड़े तमंचे को कब्जे में लिया। कोटेदार की तहरीर पर ठेकेदार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
खुटार थानाक्षेत्र के गांव पिपरिया बिरसिंहपुर के कोटेदार लल्ला सिंह का बेटा 34 वर्षीय विजय सिंह उर्फ रोहित गुरुवार सुबह घर से खेत जाने के लिए निकला था। घर से करीब सात सौ मीटर दूर आम के बाग में जाकर उसने तमंचे से सीने पर गोली मार ली। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लल्ला सिंह के परिवार के एक व्यक्ति ने गांव के बाहर आम के बाग में विजय सिंह का शव पड़ा देखा। शव देखकर बदहवास होकर घर की तरफ भागा और परिजनों को सूचना दी। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष जयशंकर सिंह पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे और जांच पड़ताल की। पुलिस ने घटना स्थल से 315 बोर का तमंचा बरामद किया। परिजनों की तहरीर पर आरोपी ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ठेकेदार रहा विवादों में
ग्रामीणों के मुताबिक ठेकेदार रवि कुमार पहले भी काफी विवादों में रहा है। धान खरीद को लेकर किसानों ने कई बार उसके क्रय केंद्र पर धरना प्रदर्शन भी किया। कई किसानों की उस पर रकम बकाया है। विवादों के चलते कई बार अधिकारियों ने क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। बाद में धान क्रय केंद्र को बंद करा दिया गया था।
“मामले में कोटेदार की तहरीर पर ठेकेदार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।” -जय शंकर सिंह, थानाध्यक्ष खुटार
