अयोध्या: पिकअप से लिफ्ट लेकर घर जाना पड़ा भारी, नहर में गिरी गाड़ी, दो महिलाएं डूबीं
अयोध्या। खंडासा थाना क्षेत्र के घटौली गांव के पास ट्रांसफार्मर लदी अनियंत्रित पिकअप सुल्तानपुर फैजाबाद यूनाइट ब्रांच नहर में जा गिरी। पिकअप में सवार दो महिलाएं नहर के पानी में लापता हो गईं। हालांकि पिकअप चालक और एक अन्य सवार युवक ने तैरकर किसी तरह से जान बचा ली। मौके पर पहुंची पुलिस एवं फायर …
अयोध्या। खंडासा थाना क्षेत्र के घटौली गांव के पास ट्रांसफार्मर लदी अनियंत्रित पिकअप सुल्तानपुर फैजाबाद यूनाइट ब्रांच नहर में जा गिरी। पिकअप में सवार दो महिलाएं नहर के पानी में लापता हो गईं। हालांकि पिकअप चालक और एक अन्य सवार युवक ने तैरकर किसी तरह से जान बचा ली। मौके पर पहुंची पुलिस एवं फायर कर्मियों की टीम लापता महिलाओं के शव की तलाश में जुटी हुई है, मौके पर रेस्क्यू जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खंडासा थाना क्षेत्र के चितौरा गांव निवासी रानू सिंह की पिकअप विद्युत विभाग में ट्रांसफार्मर ढुलाई का काम करती है। शुक्रवार की शाम करीब 5:30 बजे पिकअप चालक विनोद दुबे निवासी चितौरा अपने साथी कल्लू के साथ पिकअप पर ट्रांसफार्मर लोड कर अपने गांव चितौरा जा रहा था।
वह अमरगंज बाजार के पास पहुंचा था कि साप्ताहिक बाजार करने अपने घर से अमरगंज बाजार आईं उनके गांव की दो महिलाएं मीना पत्नी मनीराम रैदास उम्र करीब 48 वर्ष एवं सैदुल्ला पत्नी आबिद अली उम्र करीब 47 वर्ष पिकअप चालक को मिल गईं। दोनों महिलाओं ने भी पिकअप पर बैठ कर घर वापस चलने की इच्छा व्यक्त की। इस पर पिकअप चालक विनोद दुबे ने दोनों महिलाओं को भी पिकअप की केबिन में बैठा लिया।
पिकअप चालक पिकअप लेकर अमर गंज बाजार से मात्र 300 मीटर दूरी स्थित सुल्तानपुर फैजाबाद यूनाइट ब्रांच नहर के पुल पर पहुंचा था कि वह तेज रफ्तार के चलते अनियंत्रित हो गया और नहर पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए पिकअप समेत दक्षिणी नहर में जा गिरा।
आसपास मौजूद लोगों ने हादसा देख गुहार लगा दी।
देखते ही देखते अमरगंज बाजार सहित आसपास के गांव से हजारों की संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और बचाव तथा राहत कार्य में जुट गए। इसी बीच मौके पर पहुंचे कुछ ग्रामीण गोताखोरों ने डूब रहे पिकअप चालक और एक अन्य युवक कल्लू को किसी तरह से बाहर निकाला। पिकअप में सवार दोनों महिलाएं नहर के पानी में लापता हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही खंडासा थाने के प्रभारी निरीक्षक कृष्णकांत यादव थाने की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और उन्होंने आनन-फानन में फायर कर्मियों की टीम मौके पर बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों एवं फायर कर्मियों की मदद से लापता महिलाओं की तलाश में जुटी है। किंतु नहर में पानी अधिक होने के चलते डूबी महिलाओं का पता नहीं चल सका।
