बाइडेन ने कहा -ट्रंप अमेरिकी इतिहास के सबसे अयोग्य राष्ट्रपति, दुनिया में झेलनी पड़ी शर्मिंदगी
वाशिंगटन। अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप अमेरिकी इतिहास में सबसे अयोग्य राष्ट्रपति हैं। ट्रंप के खिलाफ महाभियोग लाने या उनके कार्यकाल के बचे हुए 12 दिन से पहले उन्हें हटाने संबंधी प्रश्न पर बाइडेन ने कहा कि 20 जनवरी को उनका पद संभालना ही ट्रंप को हटाने का सबसे …
वाशिंगटन। अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप अमेरिकी इतिहास में सबसे अयोग्य राष्ट्रपति हैं। ट्रंप के खिलाफ महाभियोग लाने या उनके कार्यकाल के बचे हुए 12 दिन से पहले उन्हें हटाने संबंधी प्रश्न पर बाइडेन ने कहा कि 20 जनवरी को उनका पद संभालना ही ट्रंप को हटाने का सबसे त्वरित तरीका है।
बाइडेन ने डेलावेयर में पत्रकारों से कहा, ‘मैं एक वर्ष से भी ज्यादा वक्त से कहता आ रहा हूं कि वह (ट्रंप) इस पद पर रहने के काबिल नहीं हैं। वह अमेरिकी इतिहास के सबसे अयोग्य राष्ट्रपति हैं। लिहाजा उन्हें हटाने के विचार का मेरे हिसाब से कोई मतलब नहीं है।’
उन्होंने कहा, ‘ट्रंप को हटाने का सबसे त्वरित तरीका 20 जनवरी को मेरा शपथ ग्रहण है। उससे पहले या बाद में क्या कार्रवाई की जाए, इसपर कांग्रेस को फैसला लेना है। मैं बस उनके पद छोड़ने को लेकर उत्सुक हूं।’ नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ने कहा कि मैंने ट्रंप के बारे में जितना सोचा था, वह उससे भी कहीं आगे निकले। बाइडेन ने कहा, ‘उनकी वजह से देश को और हमें पूरी दुनिया में शर्मिंदगी झेलनी पड़ी। वह इस पद पर बने रहने के लायक नहीं हैं।’
वहीं दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को ट्वीट कर ऐलान किया है कि वे देश के जो बाइडेन के शपथग्रहण समारोह में शामिल नहीं होंगे।
पेलोसी के कार्यालय में घुसने वाले व्यक्ति को एफबीआई ने किया गिरफ्तार
एफबीआई ने अरकंसास के उस व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो कैपिटल बिल्डिंग (अमेरिकी संसद) पर निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों के हमले के बाद आई तस्वीरों में प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी के कार्यालय में कुर्सी पर बैठा हुआ दिखाई दिया था। संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के शीर्ष उप संघीय अभियोजक केन कोल ने बताया कि रिचर्ड बारनेट को शुक्रवार को लिट्ल रॉक में गिरफ्तार कर लिया गया। कोल ने बताया कि बारनेट पर पेलोसी के कार्यालय में घुसने के आरोप लगाए गए हैं, वहां उसने ‘कुछ लिख कर रखा और अध्यक्ष के कुछ संदेशों को हटा दिया था।’’ बारनेट पर जानबूझकर प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने और बिना अधिकार के वहां बने रहने, कैपिटल बिल्डिंग में हंगामा करते हुए प्रवेश करने तथा सार्वजनिक संपत्ति या रिकॉर्ड की चोरी करने जैसे तीन आरोप लगाए गए हैं। अगर वह दोषी पाया जाता है तो उसे एक साल तक कैद की सजा हो सकती है।
