मुरादाबाद से अन्य मंडलों को भेजी जाएगी कोरोना वैक्सीन
मुरादाबाद,अमृत विचार। प्रदेश के 18 मंडलों तक वैक्सीन अब लखनऊ से नहीं पहुंचेगी। इसके लिए सात राज्यस्तरीय स्टोरेज डिपो बनाए गए हैं। इनमें मुरादाबाद जिले को भी शामिल किया गया। यह जिला मंडल के पांचों जिलों के अलावा पड़ोसी मंडलों को भी कोरोना वैक्सीन पहुंचाएगा। वैक्सीन की सुरक्षा को लेकर तैयारी की जा रही है। …
मुरादाबाद,अमृत विचार। प्रदेश के 18 मंडलों तक वैक्सीन अब लखनऊ से नहीं पहुंचेगी। इसके लिए सात राज्यस्तरीय स्टोरेज डिपो बनाए गए हैं। इनमें मुरादाबाद जिले को भी शामिल किया गया। यह जिला मंडल के पांचों जिलों के अलावा पड़ोसी मंडलों को भी कोरोना वैक्सीन पहुंचाएगा। वैक्सीन की सुरक्षा को लेकर तैयारी की जा रही है। अधिकारी अनुमान लगा रहे हैं कि पुणे से इसी सप्ताह वैक्सीन जिले में पहुंच सकती है।
महाराष्ट्र के जिला पुणे से दो दिन में वैक्सीन भेजी जानी शुरू हो जाएगी। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एमसी गर्ग ने बताया कि सप्ताह भर में जिले में भी वैक्सीन आ सकती है। उन्होंने बताया कि राज्यस्तरीय डिपो बनाया गया है। मुरादाबाद सहित पांच जिलों के अलावा पड़ोसी मंडल में भी वैक्सीन यहीं से जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक टीकाकरण टीम को कोल्ड चेन कायम रखने में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं आए, इसलिए एक आइसबॉक्स अतिरिक्त दिया जाएगा।
टीकाकरण केंद्र पर कम से कम पांच आइसबॉक्स कोरोना की वैक्सीन टीमों के माध्यम से पहुंचाई जाएगी। प्रत्येक आइसबॉक्स में कोरोना वैक्सीन की बीस वाइल सुरक्षित तरीके से रखी जा सकेगी। प्रत्येक वाइल में से पांच लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा सकेगा। जबकि पोलियो वैक्सीन की एक वाइल में से दस बच्चों को खुराक पिलाई जाती है। प्रत्येक केंद्र पर औसतन सौ लोगों का कोरोना टीकाकरण किया जाएगा।
हर केंद्र में 15 लाभार्थी होंगे शामिल
11 जनवरी को होने वाले ड्राइरन में लाभार्थियों की संख्या घटा दी गई है। 25 लाभार्थी के स्थान पर 15 लाभार्थी ही केंद्र पर पहुंचेंगे। सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि 27 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें रूरल क्षेत्रों में आठ और शहर में निजी अस्पतालों सहित 19 केंद्र रहेंगे। इस बार जिला अस्पताल और महिला अस्पताल को भी ड्राइरन में शामिल किया गया है।
इनफ्रारेड थर्मामीटर और ऑक्सीमीटर को निर्देश
पहले ड्राइरन में जो चूक रही, वह दोबारा न हो जाए, इसलिए सीएमओ ने इनफ्रारेड थर्मामीटर और ऑक्सीमीटर को लेकर निर्देश जारी कर दिए हैं। सीएमओ डा. गर्ग ने बताया कि जो स्वास्थ्य कर्मी ड्यूटी पर लगाए जाएंगे, उनकी बुखार और सांस की तकलीफ को जांचा जाएगा। इसके साथ ही जो लाभार्थी केंद्र पर पहुंचेंगे, उनका भी चेकअप होगा, उसके बाद ही वैक्सीनेशन (डमी) में उन्हें शामिल किया जाएगा।
