बाराबंकी: रच डाली अपने ही अपहरण की साजिश, पुलिस ने पकड़ा तो खोला ये राज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने खुद के अपहरण की साजिश रचकर दोस्त से रुपये ऐंठने की कोशिश करने वाले को गिरफ़्तार कर लिया है। गाजीपुर जनपद के ग्राम ढोहरा हरदासपुर कला निवासी अमरजीत चौहान ने गाजीपुर के ही ग्राम विशरिया के रहने वाले अपने दोस्त पंकज गिरि से रुपए ऐंठने के लिए …

बाराबंकी, अमृत विचार। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने खुद के अपहरण की साजिश रचकर दोस्त से रुपये ऐंठने की कोशिश करने वाले को गिरफ़्तार कर लिया है। गाजीपुर जनपद के ग्राम ढोहरा हरदासपुर कला निवासी अमरजीत चौहान ने गाजीपुर के ही ग्राम विशरिया के रहने वाले अपने दोस्त पंकज गिरि से रुपए ऐंठने के लिए खुद के अपहरण की साजिश रची और दो लाख रुपए की फिरौती मांगी। अमरजीत का अपहरण होने की सूचना पर पुलिस और सर्विलांस टीम ने बरामदगी के लिये कई जिलों में उसकी तलाश की। आखिर में शनिवार को वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।

पुलिस की गिरफ्त में आए अमरजीत ने पूछताछ में बताया कि उसने खुद को बैंक का पीओ बताकर ग्राम ढोहरा, हरदासपुर कला और अन्य जगहों पर रहने वाले कई लोगों से प्लाट, गाड़ी और बायोमेट्रिक मशीन बेचने के नाम पर लोगों से रूपये लिए थे। जब उन्होंने अपने रुपए मांगने शुरू किए तो इससे परेशान होकर उसके पिता ने उसे अपनी सम्पत्ति से बेदखल कर दिया।

बताया कि कुछ दिन पहले एक व्यक्ति से भी नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्त पत्र देकर रूपये लिए थे। इस मामले में थाना दुल्लहपुर जनपद गाजीपुर में कई मुकदमे दर्ज हैं। जिसमें इसके पिता व भाई जेल जा चुके हैं और वह उसमें वांछित अभियुक्त है।जो गिरफ्तारी से बचने के लिए कोतवाली नगर क्षेत्र में मोहल्ला कटरा में करीब चार महीनों से किराये पर रह रहा था। इसी बीच उसका दोस्त पंकज गिरि बाराबंकी आया तो उससे रुपए ऐंठने के लिए खुद के अपहरण की साजिश रच डाली। क्योंकि इससे पहले भी वह पंकज से काफी रूपये ले चुका था।

पुलिस ने बताया कि अमरजीत कुछ दिन पहले लखनऊ के नाका हिन्डोला स्थित एक होटल में अपना पहचान पत्र लगाकर ठहरा था। लेकिन पुलिस टीम के पहुचने से पहले ही वह वहां से फरार हो गया। शनिवार को अपने परिचित से रूपये लेने के लिए कोतवाली नगर स्थित असैनी मोड़ आया था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जिसके पास से एक असलहा व कारतूस बरामद किया गया। पुलिस अमरजीत के दूसरे साथियों और आपराधिक इतिहास के बारे में दूसरे जनपदों से जानकारी कर रही है।

संबंधित समाचार