बरेली: कुतुबखाना के व्यापारियों ने अधिकारियों के खिलाफ खोला मोर्चा
अमृत विचार, बरेली। कुतुबखाना ओवरब्रिज निर्माण को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने अब अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों के मना करने के बाद भी मंडलायुक्त और नगर आयुक्त ओवरब्रिज बनवाना चाहते हैं। अंडरपास नहीं बनवाना चाहते। ओवरब्रिज के निर्माण से वर्षों के लिए व्यापार चौपट हो जाएगा। इस पर …
अमृत विचार, बरेली। कुतुबखाना ओवरब्रिज निर्माण को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने अब अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों के मना करने के बाद भी मंडलायुक्त और नगर आयुक्त ओवरब्रिज बनवाना चाहते हैं। अंडरपास नहीं बनवाना चाहते।
ओवरब्रिज के निर्माण से वर्षों के लिए व्यापार चौपट हो जाएगा। इस पर अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मेट्रो ट्रेन चलाई गई और जमीन के अंदर मेट्रो स्टेशन भी बनाए गए। इससे किसी भी इमारत को नुकसान नहीं हुआ। उसी तरह बरेली में भी अंडरपास बनाकर जाम की समस्या को खत्म किया जा सकता है।
कुतुबखाना ओवरब्रिज बनने का प्रस्ताव पास होने के बाद से ही स्थानीय व्यापारियों ने विरोध तेज कर दिया था। वे लगातार पुल निर्माण के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। रविवार को व्यापारी सेवा संघ की बैठक दोपहर 12:00 बजे कोहाड़ापीर कार्यालय पर हुई। इसमें बैठक की अध्यक्षता करते हुए अमित सरपाल ने कहा कि बरेली के जनप्रतिनिधि व्यापारियों का नुकसान नहीं करना चाहते मगर मंडलायुक्त और नगर आयुक्त न जाने क्यों ऐसा कर रहे हैं।
उनका कहना था कि जब तक ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार नहीं आएगा तब तक जाम से छुटकारा नहीं मिलेगा। व्यापारियों ने कहा कि अगर अधिकारी ओवरब्रिज बनाकर व्यापारियों को बर्बाद करना चाहते हैं तो वे यह सोचना छोड़ दें। जल्द ही जनप्रतिनिधियों से बात कर अधिकारियों को बदलवा दिया जाएगा। साथ ही शहर में ऐसे अधिकारी तैनात कराए जाएंगे जो व्यापारियों के हित की बात करें। बैठक में नदीम शम्सी, विजय गुप्ता, अमित खनेजा, प्रिंस सोढी, राहुल सिंघल, शीरान, दीपक अग्रवाल, गगन पहावा, मनोज समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
