बरेली: मलबा हटाने गए बुल्डोजरों को पुलिस ने रोका, रोष बढ़ा
अमृत विचार, बरेली। चंदपुर बिचपुरी गांवों के बीच रामगंगा आवासीय परियोजना के अंतर्गत अधिग्रहित की गई भूमि पर गुरुवार को जिस मजार को बीडीए के अधिकारियों ने तोड़ा था,रविवार को बीडीए के दो जेसीबी बुल्डोजर से वहां पर मलबा हटवाने का काम शुरू हुआ तो उसे थाना पुलिस ने रोक दिया। पुलिस का कहना था …
अमृत विचार, बरेली। चंदपुर बिचपुरी गांवों के बीच रामगंगा आवासीय परियोजना के अंतर्गत अधिग्रहित की गई भूमि पर गुरुवार को जिस मजार को बीडीए के अधिकारियों ने तोड़ा था,रविवार को बीडीए के दो जेसीबी बुल्डोजर से वहां पर मलबा हटवाने का काम शुरू हुआ तो उसे थाना पुलिस ने रोक दिया। पुलिस का कहना था कि उन्हें मलबा हटाने की कोई जानकारी नहीं दी गई है। इसके बाद बुल्डोजर चला रहे लोगों और मजार कमेटी के सदस्यों ने बीडीए के अधिकारियों से पुलिस की बात कराई तब जाकर तय हुआ कि मलबा हटाया जाएगा।
बरेली विकास प्राधिकारी के ड्रीम प्रोजेक्ट रामगंगा आवासीय परियोजना के अंतर्गत अधिग्रहित की गई भूमि पर मजार को बताते हुए बीडीए ने गुरुवार को उसे तोड़ दिया था। इसके बाद शुक्रवार को वहां पर हंगामा हुआ था। इसके बाद दरगाह आला हजरत की ओर से भेजे गए प्रतिनिधिमंडल और बीडीए के अधिकारियों के बीच शनिवार को हुई बातचीत में तय हुआ था कि मजार उसी स्थान पर बनाई जाएगी। उस मलबे को खुद बीडीए हटाएगा और वहां पर अतिरिक्त अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा।
रविवार को बीडीए के कर्मचारियों ने जेसीबी बुल्डोजर से मजार के मलबे को हटाना शुरू कर दिया। इसकी सूचना वहां पर तैनात पुलिस कर्मियों ने बिथरी चैनपुर के थाना इंस्पेक्टर को दी। थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बुल्डोजर को रोक दिया। इसके बाद बीडीए की ओर से भेजे गए बुल्डोजर वापस चले गए।
थाना प्रभारी का कहना था कि मुझे यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे। मलबा हटाने के बारे में जानकारी नहीं मिली थी। बीडीए के अधिकारियों से बात होने के बाद अब मलबा हटाने के कार्य को बाधित नहीं किया जाएगा। इसके बाद मजार कमेटी के लोगों ने दोबारा बुल्डोजर भेजने के लिए कहा लेकिन बीडीए कर्मचारी वहां पर नहीं पहुंचे। इससे वहां पर पहुंचे लोगों में बीडीए के प्रति नाराजगी थी।
बीडीए ने मजार से मलबा नहीं हटाया तो करेंगे विरोध प्रदर्शन
मजार कमेटी के अध्यक्ष हसनैन मियां का कहना है कि दोपहर से कई बार बीडीए से बुल्डोजर बुलाने के लिए कहा गया लेकिन रात तक मलबा नहीं हटाया जा सका। बीडीए के उपाध्यक्ष से बात हुई थी, उन्होंने सोमवार को बुल्डोजर भेजकर मलबा हटाने का आश्वासन दिया है। अगर बुल्डोजर भेजकर सोमवार को मलबा नहीं हटाया गया तो फिर से विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे क्योंकि अकीदतमंद जल्द ही मजार का निर्माण कार्य होता देखना चाहते हैं।
