मुरादाबाद: पंचायत चुनाव के लिए 61 लाख मतपत्र लेकर निर्वाचन आफिस पहुंचे कर्मचारी
मुरादाबाद,अमृत विचार। पंचायत चुनाव के लिए 61 लाख मतपत्रों को दिल्ली से लेकर टीम शनिवार देर रात शहर में पहुंची। रविवार की सुबह 250 बक्से में लाए गए 61 लाख मतपत्रों को निर्वाचन आफिस में बने स्ट्रांग रूम में रखवाया गया। सोमवार को इसी कक्ष में दिसंबर में रामपुर से मंगवाए गए प्रधानी पद के …
मुरादाबाद,अमृत विचार। पंचायत चुनाव के लिए 61 लाख मतपत्रों को दिल्ली से लेकर टीम शनिवार देर रात शहर में पहुंची। रविवार की सुबह 250 बक्से में लाए गए 61 लाख मतपत्रों को निर्वाचन आफिस में बने स्ट्रांग रूम में रखवाया गया। सोमवार को इसी कक्ष में दिसंबर में रामपुर से मंगवाए गए प्रधानी पद के मतपत्रों को ट्रेजरी से निकलवाकर इसी कक्ष में सुरक्षित रखवाया जाएगा। इनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी एडीएम फाइनेंस ने यातायात एसपी को दी है।
शासन -प्रशासन स्तर पर पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई है। अपने जनपद में पंचायत चुनाव के लिए दिल्ली से मतपत्र मंगवाए गए थे। शनिवार की देर रात दिल्ली से 61 लाख मतपत्र जनपद में पहुंच गए। रविवार की सुबह सभी मततपत्रों को निर्वाचन आफिस में कड़ी सुरक्षा के बीच बनाए गए नए स्ट्रांग रूम में रखवाया गया। इस बारे में जानकारी देते हुए एडीईओ बालकिशन ने बताया कि बीती 18 दिसंबर को रामपुर की प्रेस से प्रधानी के आये दो लाख 71 हजार 100 मतपत्र को ट्रेजरी से निकलवाकर निर्वाचन आफिस में रखवाया जाएगा।
फिलहाल नए स्ट्रांग रूम में मतपत्रों को रखने की व्यवस्था की गई है। स्ट्रांग रूम के बाहर सिपाही व होमगार्डों को तैनात किया गया है। एमडीएम फाइनेंस प्रीति जैसवाल ने बताया कि स्ट्रांग रूम में रखे गए मतपत्रों की सुरक्षा की जिम्मेदारी यातायात एसपी अशोक कुमार को दी गई है।
आज से फिर परिसीमन को लेकर ली जाएंगी आपत्तियां
पंचायत चुनाव में चल रहे परिसीमन की खामियां दुरुस्त करने के लिए रविवार को फिर से वार्डों की सूची का प्रकाशन कराकर सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर चस्पा करा दिया है। सोमवार से नए परिसीमन को लेकर फिर से आपत्तियां ली जानी हैं। इसके बाद इनका निस्तारण होगा। जिलाधिकारी ने डीपीआरओ को परिसीमन में सभी सुधार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा है कि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। पिछले दिनों हुए परिसीमन पर पहले ही दिन से सवाल खड़े हो रहे हैं।
जिला पंचायत के वार्डों को लेकर सवा सौ आपत्तियां आई हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायतों और क्षेत्र पंचायत के वार्डों में को नियम के विरूद्ध तोड़ दिया गया। इसको लेकर रविवार को छुट्टी के दिन भी पंचायत भवन में अफसरों की टीम वार्डों की खामियां दूर करने में जुटी रहीं। महमूदपुर माफी के नगर पंचायत बनने के बाद नए सिरे से पुराने ही वार्डों की सूची का प्रकाशन कराकर सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर चस्पा करा दिया गया। इस नई नगर पंचायत में दो ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है।
इनमें से एक ग्राम पंचायत में शामिल जानकपुर राजस्व गांव को नई ग्राम पंचायत बना दिया है। इस बारे में जानकारी देते हुए अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत शिशुपाल शर्मा ने बताया कि सोमवार और मंगलवार को वार्डों के परिसीमन को लेकर आपत्तियां ली जाएंगी। पहले कार्यक्रम के मुताबिक ली गईं आपत्तियों को इन्हीं में शामिल करके सबका निस्तारण होगा। इसके बाद जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में गठित कमेटी परिसीमन को फाइनल करेगी। अब किसी भी वार्ड को बिना क्रम के नहीं जोड़ा जाएगा। इस तरह की खामियों को दुरुस्त किया जा रहा है।
