बरेली: वैक्सीन के लिए पंजीकरण के चक्कर में न हो जाएं ठगी का शिकार
अमृत विचार, बरेली। कोरोना वैक्सीनेशन के लिए पंजीकरण कराना अनिवार्य है। जिस व्यक्ति का पंजीकरण होगा उसी का टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से को-विन एप लांच करने का ऐलान किया गया है। अभी स्वास्थ्य विभाग की ओर से पोर्टल पर उन लोगों का पंजीकरण किया जा रहा है जिनका वैक्सीनेशन …
अमृत विचार, बरेली। कोरोना वैक्सीनेशन के लिए पंजीकरण कराना अनिवार्य है। जिस व्यक्ति का पंजीकरण होगा उसी का टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से को-विन एप लांच करने का ऐलान किया गया है। अभी स्वास्थ्य विभाग की ओर से पोर्टल पर उन लोगों का पंजीकरण किया जा रहा है जिनका वैक्सीनेशन होना है। वहीं, साइबर ठगों ने लोगों को शिकार बनाने के लिए फर्जी एप तैयार कर लिए हैं जिन्हें डाउनलोड करने से आपका बैंक खाता खाली हो सकता है।
केंद्र सरकार ने कोरोना वैक्सीन लगवाने से पहले रजिस्ट्रेशन के लिए को-विन एप लांच करने का एलान किया है। सरकार ने आधिकारिक तौर पर अभी तक कोई एप लांच नहीं किया है लेकिन गूगल प्ले स्टोर पर कई एप मिल जाएंगे। गूगल प्ले स्टोर पर मौजूद ये सभी एप फर्जी हैं। असली एप का नाम को-विन है जिसे अभी प्ले स्टोर पर उपलब्ध नहीं कराया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी फर्जी एप को लेकर लोगों को आगाह किया है और डाउनलोड न करने की सलाह दी है।
पूरा लेखा-जोखा रहेगा मौजूद
सीएमओ डा. सुधीर कुमार गर्ग ने बताया कि कोरोना वैक्सीनेशन के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया अभी सामान्य लोगों के लिए शुरू नहीं हुई है। प्रक्रिया शुरू होने पर ही केंद्र सरकार की ओर से को-विन एप लांच किया जाएगा। यह एक ऐसा मोबाइल एप है जो फ्री में डाउनलोडिंग के लिए सभी को उपलब्ध होगा।
इस एप में टीकाकरण की प्रक्रिया से लेकर प्रशासनिक क्रियाकलापों, टीकाकरण कर्मियों और वैक्सीन लेने वालों की पूरी जानकारी होगी। इसमें सेल्फ रजिस्ट्रेशन का विकल्प भी होगा। किसी पंचायत का मुखिया भी अपने पंचायत के लोगों के टीकाकरण के लिए इस एप से आवेदन कर सकेगा।
