शाहजहांपुर: दिन दहाड़े नल मिस्त्री की गोली मारकर हत्या
अमृत विचार, शाहजहांपुर/ निगोही। क्षेत्र के गांव ऊंन खुर्द में मंगलवार सुबह मामा के साथ बाइक से जा रहे नल मिस्त्री की कुछ लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या क्यों की गई, इसको लेकर परिजन खुलकर नहीं बता पा रहे हैं। म़ृतक के पिता की ओर से मामले में नामजद तहरीर दी गई …
अमृत विचार, शाहजहांपुर/ निगोही। क्षेत्र के गांव ऊंन खुर्द में मंगलवार सुबह मामा के साथ बाइक से जा रहे नल मिस्त्री की कुछ लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या क्यों की गई, इसको लेकर परिजन खुलकर नहीं बता पा रहे हैं। म़ृतक के पिता की ओर से मामले में नामजद तहरीर दी गई है।
वहीं एसपी एस आनंद, एएसपी संजय कुमार ने भी मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली और हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत ऊंन खुर्द के मजरा हरदयाल नगर निवासी जय सिंह का 30 वर्षीय बेटा आशीष कुशवाहा नल बनाने का काम करता था।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे वह गांव मोहरतला निवासी अपने मामा अशोक कुमार के साथ बाइक से ऊंन खुर्द गांव जा रहा था। जहां उसे प्राथमिक विद्यालय में समरसेबिल लगाना था। रास्ते में हरदयाल नगर का ही रामकृपाल मिल गया। वह कुछ दूर चलने की बात कहकर पीछे बाइक पर बैठ लिया।
बाइक अशोक चला रहा था और पीछे आशीष बैठा हुआ था। सबसे पीछे रामकृपाल बैठ गया। बाइक ऊंन खुर्द गांव के पास रामकृपाल ने गोट से तमंचा निकालकर बाइक पर बैठे-बैठे ही आशीष के पीठ में कमर के पास फायर झोंक दिया। इतने में बाइक भी लड़खड़ाकर गिर गई।
तभी गन्ने के खेत से रामकृपाल के साथी बाहर निकले और उसने भी आशीष पर फायर झोंक दिया। उसके मामा अशोक को भी जान से मारने की कोशिश की लेकिन वह बचकर भाग गया। उसने गांव पहुंचकर परिवार वालों को मामले की जानकारी दी। घटना के बाद आशीष ने मौके पर दम तोड़ दिया। जानकारी मिलने पर परिजन रोते-बिलखले मौके पर पहुंच गए।
वहीं थानाध्यक्ष मनोहर सिंह भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। बाद में एसपी, एएसपी, सीओ सदर ने भी मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली। आशीष को एक गोली पीछे पीठ में कमर के पास और दूसरी गोली कनपटी पर लगी। पिता ने रंजिशन हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए मामले की तहरीर दी है।
हत्यारोपी के भाई की दिल्ली में मौत हो गई थी, इस मामले में वह अशोक और आशीष को जिम्मेदार मान रहा था। इस वजह से हत्या की बात बताई जा रही है, तहरीर के आधार पर मामले में रामकृपाल, संजीव, कालिका के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। हत्यारोपियों की तलाश में टीमें गठित कर उनकी तलाश की जा रही है।
एस आनंद, एसपी
