बरेली: चौपुला पर कागजी डायवर्जन के 45 दिन पूरे, व्यवस्था बदहाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। ओवरब्रिज और सीवर लाइन के निर्माण की वजह पूरे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ गई है। ट्रैफिक पुलिस वाहनों का डायवर्जन तो कर रही है लेकिन लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। चौपुला पर ओवरब्रिज निर्माण और सीवर लाइन की खुदाई की वजह से 70 दिन के डायवर्जन में से …

अमृत विचार, बरेली। ओवरब्रिज और सीवर लाइन के निर्माण की वजह पूरे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ गई है। ट्रैफिक पुलिस वाहनों का डायवर्जन तो कर रही है लेकिन लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है।

चौपुला पर ओवरब्रिज निर्माण और सीवर लाइन की खुदाई की वजह से 70 दिन के डायवर्जन में से 45 दिन पूरे हो चुके हैं लेकिन डायवर्जन एक भी दिन लागू नहीं हो सका है। अब चौकी चौराहा पर भी सीवर लाइन की खुदाई की वजह से लोगों को जाम और धूल दोनों से परेशानी उठानी पड़ रही है।

चौपुला चौराहे पर 30 नवंबर को डायवर्जन लागू किया गया था। डायवर्जन की वजह से चौपुला चौराहे से वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगायी गई थी। वाहनों को मालगोदाम रोड होते हुए रेलवे कॉलोनी से गुजारा जाना था लेकिन चौकी चौराहे से डायवर्जन का पालन ही नहीं हो सका।

वाहन लगातार निर्माणाधीन पुल के नीचे से ही निकल रहे हैं। इसके अलावा निर्माण सामग्री के पास से भी खतरे में जान डालकर निकल रहे हैं। पैदल भी लोग यहां से गुजर रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी भी लगायी जा रही है। श्यामगंज से चौपुला तक भी लगातार सीवर लाइन की खुदाई की वजह से दिक्कत हो रही है।

10 दिनों से चौकी चौराहे पर भी सीवर लाइन की खुदाई की वजह से शुरू हुई दिक्कत बढ़ती जा रही है। रामपुर गार्डन मोड़ के पास से वाहनों को मोड़कर वन-वे किया जा रहा है। दोनों तरफ से वाहनों के निकलने की वजह से जाम लग रहा है। रोडवेज बस के आने पर दिक्कत और बढ़ जाती है। लोग काफी देर में करीब 500 मीटर का रास्ता तय कर पा रहे हैं।

इसके अलावा चौकी चौराहा से आगे सेठ दामोदर पार्क के पास खुदाई के बाद मिट्टी डालकर रास्ते को चालू कर दिया गया है। इसकी वजह से धूल उड़ रही है और लोगों को निकलने में दिक्कत हो रही है। एक तरफ सड़क पूरी तरह से खुदी होने की वजह से रास्ता बंद हो गया है। ऐसे में आसपास की कॉलोनी में रहने वाले लोग खतरनाक रास्ते से निकलने को मजबूर हो रहे हैं।

संबंधित समाचार