बरेली: पक्षियों की मौत से दहशत, खाली होने लगे पोल्ट्री फार्म

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। पूरनपुर में मुर्गियों के सैंपल में बर्ड फ्लू की पुष्टि और जिले में लगातार मृत पक्षियों के मिलने से पोल्ट्री फार्म संचालक दहशत में हैं। पक्षियों को मारे जाने के डर से कारोबारियों ने रातों-रात फार्म खाली करने शुरू कर दिए हैं। कई पोल्ट्री फार्मों से मुर्गा, मुर्गी गायब करने का सिलसिला …

अमृत विचार, बरेली। पूरनपुर में मुर्गियों के सैंपल में बर्ड फ्लू की पुष्टि और जिले में लगातार मृत पक्षियों के मिलने से पोल्ट्री फार्म संचालक दहशत में हैं। पक्षियों को मारे जाने के डर से कारोबारियों ने रातों-रात फार्म खाली करने शुरू कर दिए हैं। कई पोल्ट्री फार्मों से मुर्गा, मुर्गी गायब करने का सिलसिला जारी है।

वहीं, अन्य जिलों की तरह यहां भी पक्षियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने पर उन्हें मारने का अभियान चल सकता है। हालांकि, विभागीय अधिकारियों का दावा है कि जिले में अभी तक बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है।

बुधवार से जिले में लगातार कबूतर, कौए समेत अन्य पक्षियों के मृत मिलने से लोग दहशत में हैं। बताया जाता है कि पीलीभीत जिले की पूरनपुर तहसील में पिछले दिनों कई पक्षियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने पर एक किलोमीटर का दायरा कंटेनमेंट घोषित करने के साथ ही मुर्गे-मुर्गियों को मारने की बात कही गई थी।

इसकी खबर मिलते ही यहां के पोल्ट्री फार्म मालिकों में दहशत है। बिथरी ब्लाक के डोहरिया और फरीदापुर इनायत खां ग्राम पंचायत में स्थित पोल्ट्री फार्म से दो दिनों में करीब नौ हजार मुर्गे-मुर्गियां निकाले जाने की बात निकलकर सामने आई है। इस मामले में भले ही पोल्ट्री फार्म मालिक कुछ भी बोलने से बच रहे हैं लेकिन विभागीय अधिकारी इसे स्वीकार कर रहे हैं।

मुख्य पशुचिकित्साधिकारी ललित कुमार वर्मा का कहना है कि मुर्गे-मुर्गियों की बिक्री पर कोई प्रतिबंध नहीं है। समय की पाबंदी को लेकर भी शासन से कोई दिशा-निर्देश नहीं मिले हैं पर लोगों को मृत पक्षियों से दूर रहने की हिदायत दी गई है।

अब तक 290 सैंपल एकत्र किए, बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं
पीलीभीत जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद सैंपलिंग का कार्य विभाग ने तेज कर दिया है। इसकी रोकथाम को लेकर कंट्रोल रूम बनाया गया है। बर्ड फ्लू को लेकर अब तक कुल 290 पक्षियों के सैंपल लेकर उनके सीरम जांच के लिए आईवीआरआई भेज गए। जांच में सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

जिले के सभी पोल्ट्री फार्मों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। मुर्गें-मुर्गियों के सैंपल भी एकत्र कर जांच कराई जा रही है। 290 सैंपलों की जांच में अभी तक बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है। ब्लाक स्तर पर भी पशु चिकित्सकों की टीमें अलर्ट हैं। सावधानी बरतने के विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। लोग किसी भी तरह की अफवाह से बचें। पक्षियों की मौत ठंड में सामान्य भी हो सकती है।
– ललित कुमार वर्मा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी

संबंधित समाचार