बरेली: जिन प्रेम कियो तिन ही प्रभु पायो…
अमृत विचार, बरेली। दशमेश पिता, साहिबे कमाल, सरबंस दानी एवं अमृत के दाते साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह का पावन प्रकाश पर्व बुधवार को धूमधाम के साथ मनाया गया। हर साल की तरह इस साल का मुख्य दीवान संजय नगर स्थित गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब में सजाया गया जिसमें दिल्ली एवं पटना साहिब से आए …
अमृत विचार, बरेली। दशमेश पिता, साहिबे कमाल, सरबंस दानी एवं अमृत के दाते साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह का पावन प्रकाश पर्व बुधवार को धूमधाम के साथ मनाया गया। हर साल की तरह इस साल का मुख्य दीवान संजय नगर स्थित गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब में सजाया गया जिसमें दिल्ली एवं पटना साहिब से आए रागी जत्थों ने गुरबाणी का पाठ कर संगत को निहाल किया।
वहीं, उत्तराखंड के रुद्रपुर से आए कथावाचक सतनाम सिंह ने गुरु साहिब के जीवन पर प्रकाश डाला और बताया कि आखिर क्यों श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी ने देह धारी गुरु न बनाकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के साथ संगत को जोड़ा था।
काफी दिनों से लगातार प्रभातफेरियां, कीर्तन दरबार एवं अमृत वेले के कार्यक्रम किए गए। विगत दिनों शहर में विशाल नगर कीर्तन भी निकाला गया था। हर वर्ष यह कार्यक्रम बिशप मंडल इंटर कॉलेज के मैदान में मनाया जाता है लेकिन कोविड-19 के चलते यह कार्यक्रम संजय नगर के गुरुद्वारा दुख निवारण में सेंट्रल गुरु पर्व कमेटी की ओर से हुआ।
वहां का माहौल देखते ही बन रहा था। हर तरफ गुरु साहिब के श्रद्धालुओं का सैलाब दिख रहा था। पटना साहिब से आए रागी जत्थे सरबजीत सिंह द्वारा शबद गायन गोबिंद गाजै सबद बाजै, आनंद रूपी मेरो रामईया…, जिन प्रेम कियो तिन ही प्रभु पायो.. से पूरा माहौल रस मई हो गया।
इस दौरान शहर विधायक डा. अरुण कुमार और पंजाब एंड सिंध बैंक के डीजीएम ने भी मत्था टेका। वहीं, उत्तराखंड के रुद्रपुर से आए भाई सतनाम सिंह कथावाचक ने गुरु साहिब के जीवन पर प्रकाश डाला। इस दौरान भाई हरप्रीत सिंह दिल्ली वाले, श्रीगुरु गोबिंद सिंह सभा गुरु गोबिंद सिंह नगर से आए दिलीप सिं और गुरुद्वारा जनकपुरी दिल्ली से आए रागी जत्थे ने शबद कीर्तन कर संगत को निहाल किया। इस दौरान गुरु का अटूट लंगर बरसा, श्रद्धालुओं ने गुरु का अटूट लंगर छका।
संचालन महासचिव गुरूदीप सिंह बग्गा ने किया। इस मौके पर अध्यक्ष मनमोहन सिंह बख्शी, हरनाम सिंह, राजेंद्र सिंह, मनु बख्शी, विक्की बग्गा, मनदीप सिंह, एमपी सिंह, परमजीत सिंह, सतनाम सिंह, मालिक सिंह कालरा, परमजीत सिंह ओबरॉय आदि मौजूद रहे।
सिख मिशनरी ने लगाया पुस्तक स्टॉल
कार्यक्रम स्थल पर सिख मशीनरी की ओर से पुस्तक स्टॉल लगाया गया। वहां 3000 से अधिक धार्मिक पुस्तकें थीं। पुस्तक स्टॉल पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। वहीं स्टॉल पर बच्चों की संख्या भी कम नहीं थी। बच्चों में साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह जी से जुड़ी पुस्तकों के बारे में अधिक रुचि नजर आई।
आईएमए ने लगाया रक्तदान शिविर
आईएमए की ओर से हर साल की तरह इस बार भी रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर को लेकर लोगों में उत्साह दिखाई दिया। पुरुषों के साथ साथ महिलाएं भी स्वैच्छिक रक्तदान करने में पीछे नहीं रहीं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रक्तदान किया।
पंजाब एंड सिंध बैंक ने वितरित की चाय
सर्दी को देखते हुए पंजाब एंड सिंध बैंक की ओर से चाय का स्टॉल भी लगाया गया। वहां श्रद्धालुओं को चाय वितरित की गई तो वहीं साउथ सिटी वालों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए कॉफी का स्टॉल लगाया गया।
