अमरोहा: नगर पालिका ने हटाया अवैध निर्माण, महिलाओं ने किया विरोध
अमरोहा/गजरौला। सीलिंग की जमीन पर की गई प्लाटिंग को पालिका की जेसीबी ने ध्वस्त कर दिया।इस दौरान प्लाट स्वामियों की नगर पालिका कर्मचारियों से जमकर नोंकझोंक हुई और हाथापाई भी हो गई। जेसीबी चलते देखकर महिलाओं के आंसू निकल आए और दो महिला बेहोश हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस …
अमरोहा/गजरौला। सीलिंग की जमीन पर की गई प्लाटिंग को पालिका की जेसीबी ने ध्वस्त कर दिया।इस दौरान प्लाट स्वामियों की नगर पालिका कर्मचारियों से जमकर नोंकझोंक हुई और हाथापाई भी हो गई। जेसीबी चलते देखकर महिलाओं के आंसू निकल आए और दो महिला बेहोश हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस भी पहुंच गई। लोगों का आरोप है कि जब जमीन सीलिंग की है,तो पिछले डेढ़ साल से पालिका परिषद और तहसील प्रशासन कहां सोया हुआ था। प्लाटों का बैनामा और दाखिल खारिज भी कराया गया है।
नगर के बस्ती में पाल रोड पर सीलिंग की करीब 22 बीघा जमीन है। यह जमीन पालिका के अधीन थी। मामला कोर्ट में चल रहा है। फिर भी यहां पर कुछ भूमाफियाओं ने अवैध रूप से प्लाटिंग करनी शुरू कर दी। इसमें अफसरों की भी लापरवाही किसी से छुपी नहीं है। जब इस जमीन का मामला कोर्ट में विचाराधीन है और जमीन सीलिंग की है,तो फिर तहसील में रजिस्ट्री कैसे हो गई।
कई लोगों के बैनामो के बाद दाखिल खारिज भी हो गए और नगर पालिका गृह कर भी वसूल रही है। पिछले दिनों इस पूरे मामले की शिकायत डीएम उमेश मिश्र से की गई। डीएम ने मामले में संज्ञान लेकर एसडीएम विवेक यादव को मौके पर भेजा। यहां पर 22 बीघा भूमि में से 12 बीघा पर प्लाटिंग हो चुकी थी, जबकि कई प्लाट स्वामियों ने तो अपने मकान भी बना लिए थे और कई की नींव भी भरी जा चुकी थी।
मामला मीडिया की सुर्खी बना तो अपफसरों ने भी सतर्कता बढ़ा दी। बीते दिन गुरूवार को एसडीएम विवेक यादव के निर्देश पर तहसीलदार सदानंद सरोज ने लेखपालों के साथ मिलकर भूमि की पैमाईश कराई। शुक्रवार को इसी पैमाईश के आधर पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विजेन्द्रपाल सिंह के नेतृत्व में नगर पालिका कर्मचारियों की टीम सीलिंग भूमि पर पहुंची और सीलिंग भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा की गई प्लाटिंग को ध्वस्त कराना शुरू कर दिया। इस बीच प्लाटों के स्वामियों व परिजनों की नगर पालिका टीम से तीखी नोकझोंक हुई और बात हाथापाई तक पहुंच गई।
इस दौरान सभासद सरताज अहमद के घर की भूमि में से कुछ हिस्सा सीलिंग में पाया गया, जिसे पालिका जेसीबी ने ध्वस्त कर दिया। दिन भर पुलिस की मौजूदगी में यहां पर पालिका की जेसीबी गरजती रही। लोगों ने इसका विरोध किया। महिलाएं बेहोश हो गई।
अधिशासी अधिकारी नगर पालिका गजरौला विजेंद्रपाल सिंह ने बताया कि सीलिंग की जमीन पर अवैध रूप से प्लाटिंग करने वाले आदिल व दिलशाद के खिलाफ तहरीर दी गई है। जांच चल रही है और जो भी इस मामले में संलिप्त पाया जाएगा, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। सरकारी जमीन पर किसी प्रकार से कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।
