बरेली: एलन नहीं, बरेली ऑफीसर्स क्लब नाम से बना नया बाइलाज
अमृत विचार, बरेली। एलन यूनियन क्लब (अब बरेली ऑफीसर्स क्लब) का नया बाइलाज बनकर तैयार हो गया है। इसी सप्ताह बाइलाज को लेकर आला अफसरों और क्लब से जुड़े सदस्यों के साथ बैठक कर मंथन किया जाएगा जिसे 18 जनवरी को पेश किया जाएगा। इसके बाद बाइलाज को आपसी सहमति के बाद रजिस्ट्रेशन के लिए …
अमृत विचार, बरेली। एलन यूनियन क्लब (अब बरेली ऑफीसर्स क्लब) का नया बाइलाज बनकर तैयार हो गया है। इसी सप्ताह बाइलाज को लेकर आला अफसरों और क्लब से जुड़े सदस्यों के साथ बैठक कर मंथन किया जाएगा जिसे 18 जनवरी को पेश किया जाएगा। इसके बाद बाइलाज को आपसी सहमति के बाद रजिस्ट्रेशन के लिए सहायक रजिस्ट्रार चिट फंड एवं सोसाइटीज कार्यालय भेजा जाएगा।
डेढ़ साल से एलन क्लब की रौनक गायब है। लीज समाप्त होने पर वर्ष 2019 में तत्कालीन डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर नगर निगम ने एलन क्लब को सील कर दिया था। काफी दिनों तक बंद रहने के बाद नवंबर, 2019 में जिलाधिकारी बनकर आए आईएएस नितीश कुमार ने इसे चालू कराने की पहल की थी। अक्टूबर, 2020 में नया नाम रखने की मंजूरी देते हुए बरेली ऑफीसर्स क्लब नाम तय किया। इसके बाद क्लब की नए सिरे से कमेटी बनाकर बाइलाज तैयार किया गया है।
नयी कमेटी में उन पुराने सदस्यों को भी जगह दी जाएगी जिन्होंने लीगल और बाइलाज के अनुसार क्लब की सदस्यता ग्रहण की थी। राजस्व बढ़ाने के लिये क्लब को शादी समारोह, धार्मिक समेत अन्य कार्यक्रमों के लिए किराये पर उठाया जाएगा। नयी कमेटी घोषित होने के बाद क्लब शुरू कराया जायेगा। जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व मनोज कुमार पांडेय ने बाइलाज के अनुसार नयी कमेटी को अंतिम रूप देने के लिए नगर आयुक्त अभिषेक आनंद के साथ मंथन शुरू कर दिया है।
दूसरी तरफ बाइलाज को क्लब की कमेटी के सामने एक-दो दिन में प्रस्तुत कर मंडलायुक्त को भेजा जाएगा। एलन क्लब की जमीन की लीज करीब 31 साल पहले खत्म हो गयी थी। इस मामले में भाजपा नेताओं ने जिम्मेदार अधिकारियों से मिलकर क्लब को फिर से सही तरीके संचालित कराने को कहा। इसमें तय हुआ है कि क्लब के भवन में गेट की तरफ का हिस्सा अधिकारियों के लिए और पीछे के भवन को कमेटी के सदस्यों के उपयोग के लिए होगा।
भाजपा के महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा ने बताया कि एलन क्लब को लेकर काफी दबाव है कि इसे शुरू किया जाए। इसके लिए नगर आयुक्त से मुलाकात कर वार्ता की है। नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने बताया कि नाम में बदलाव किया गया है। इसका नया बाइलाइज तैयार कर लिया गया है।
