बिहार: मुंगेर में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता को मारी गोली, हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंगेर। बिहार में मुंगेर जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अजफर शम्सी को गोली मार दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं जमालपुर सांध्य महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. शम्सी आज कार से महाविद्यालय पहुंचे। कार से उतरते ही पूर्व …

मुंगेर। बिहार में मुंगेर जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अजफर शम्सी को गोली मार दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं जमालपुर सांध्य महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. शम्सी आज कार से महाविद्यालय पहुंचे।

कार से उतरते ही पूर्व से घात लगाए अपराधियों ने भाजपा नेता को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया।

घटना की सूचना पर सदर अस्पताल पहुंचे पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लो ने घायल भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता का बयान लेने के बाद बताया कि तीन अपराधी महाविद्यालय परिसर में पूर्व से घात लगाए हुए थे, जैसे ही प्रो. शम्सी महाविद्यालय पहुंचे अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। उन्हें एक गोली कनपटी में और दूसरी गोली पेट में लगी है। ढिल्लो ने बताया कि परिजनों के बयान पर जमालपुर सांध्य महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य ललन प्रसाद सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।

उन्होंने बताया कि ललन प्रसाद सिंह के साथ डॉ. शम्सी का महाविद्यालय का प्रभार देने को लेकर विवाद चल रहा था। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय और इसके आस-पास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तार के लिए छापेमारी शुरू कर दी है, उम्मीद है कि उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

संबंधित समाचार