अयोध्या: राम मंदिर की तर्ज पर गणेश मंदिर निर्माण की तैयारी
अयोध्या। सुप्रीम फैसले के बाद एक और जहां राम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर निर्माण की कवायद चल रही है। वहीं राम नगरी में गणेश जी के मंदिर के निर्माण की तैयारी है। गणेश जी के इस मंदिर के निर्माण के लिए राम जन्म भूमि की तर्ज पर निर्माण का खाका खींचा गया है। पूरी …
अयोध्या। सुप्रीम फैसले के बाद एक और जहां राम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर निर्माण की कवायद चल रही है। वहीं राम नगरी में गणेश जी के मंदिर के निर्माण की तैयारी है। गणेश जी के इस मंदिर के निर्माण के लिए राम जन्म भूमि की तर्ज पर निर्माण का खाका खींचा गया है। पूरी कवायद विभिन्न क्रियाकलापों के चलते चर्चा में रहने वाले रामा दल ट्रस्ट की ओर से शुरू की गई है।
गुरुवार को रामादल ट्रस्ट के मुखिया पंडित कल्कि राम ने बताया कि शास्त्रों और पुराणों में महाराजा विक्रमादित्य की ओर से अयोध्या के पुनर्निर्माण में गणेश मंदिर का उल्लेख मिलता है। जिसको मुगल आक्रान्ताओं ने नष्ट कर दिया। राम नगरी का श्री गणेश कुंड आज दयनीय अवस्था को पहुंच गया है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की ओर से राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन के 2 दिन पूर्व 3 अगस्त को गणेश मंदिर के निर्माण का संकल्प लिया गया था। आज इस मंदिर के मॉडल का चित्र श्रीराम जन्म भूमि के पुजारी प्रदीपदास के माध्यम से राम लला के सम्मुख पहुंचा।
उन्होंने बताया कि ट्रस्ट की ओर से मुम्बई स्थित सिद्धिविनायक सहित महाराष्ट्र के सभी ज्योतिर्लिंगों की मिट्टी पहुंचाने का उत्तर दायित्व महाराष्ट्र के रामादल प्रभारी मनोज कुमार को दिया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश के सिद्ध पीठों की मिट्टी लाने के चार, नेपाल स्थित भगवती बागेश्वरी माता और पीताम्बरा पीठ की मिट्टी लाने के लिए एक-एक और गुजरात स्थित सिद्ध पीठों की मिट्टी पहुंचाने का जिम्मा ट्रस्ट उपाध्यक्ष उर्वशी जगदीशन की टीम को दिया गया है।
