मुरादाबाद: गर्भवती महिला से देवर ने किया दुष्कर्म, बच्चों संग घर से निकाला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार।  दहेज की मांग पूरी न होने पर गर्भवती के साथ देवर ने दुष्कर्म किया। शिकायत करने पर ससुराली उल्टा फौजदारी करने पर आमादा हो गए। जानकारी होने पर मायके वाले आए तो उनके साथ भी अभद्रता की। बाद में बच्चों संग महिला को घर से निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी …

मुरादाबाद, अमृत विचार।  दहेज की मांग पूरी न होने पर गर्भवती के साथ देवर ने दुष्कर्म किया। शिकायत करने पर ससुराली उल्टा फौजदारी करने पर आमादा हो गए। जानकारी होने पर मायके वाले आए तो उनके साथ भी अभद्रता की। बाद में बच्चों संग महिला को घर से निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी ने महिला थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश हैं।

पाकबड़ा निवासी एक महिला ने एसएसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा कि उसका विवाह चार साल पहले जिला अमरोहा के डिडौली थाना क्षेत्र के ग्राम नारंगपुर निवासी अर्जुन के साथ हुआ था। विवाह के वक्त मायके वालों ने करीब चार लाख रुपए खर्च किए थे। इसके बाद भी ससुराली दहेज में दो लाख रुपए और बाइक की मांग कर रहे थे। आरोप है कि इंकार करने पर ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। मायके से मिला सारा सामान ससुरालियों ने छीन लिया, विरोध करने पर पति शराब पीकर मारपीट करता।

इस बीच उसने एक बेटे को जन्म दिया तो ससुरालियों ने इलाज में खर्चा करने से इंकार कर दिया। जिस पर मायके वालों ने खर्चा उठाया। महिला के अनुसार वह दूसरी बार गर्भवती हुई तो ससुरालियों ने इलाज कराने से इंकार कर दिया। आरोप है कि इस बीच देवर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। करीब सवा साल पहले दहेज की मांग पूरी न होने पर दोनों बच्चों संग ससुरालियों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। बाद में समझौता हुआ कि ससुराली पूरा सामान वापस कर देंगे। महिला का कहना है कि समझौते के बाद भी ससुरालियों ने कोई सामान नहीं दिया। एसएसपी ने महिला थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

पति ने बेचा दहेज का पूरा सामान, फिर तलाक देकर निकाला
गलशहीद थाना क्षेत्र के मोहल्ला हरी चुगो वाली मस्जिद निवासी शादमा ने एसएसपी को पत्र दिया। शादमा का कहना था कि पौने दो साल पहले उसका निकाह जिला रामपुर के सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ज्वालानगर इमामबाड़ा निवासी मोहम्मद इमरान के साथ हुआ था। निकाह के बाद से ही ससुरालियों ने उसका उत्पीड़न करना शुरू कर दिया था। कम दहेज लाने का ताना देकर पति व अन्य ससुरालियों ने पहले उसका जेवर छीनकर बेच दिया, बाद में अन्य घरेलू सामान बेचने लगे। धीरे-धीरे करके उन्होंने पूरा दहेज का सामान बेच दिया। अब वह लोग दो लाख रुपए और बाइक की मांग कर रहे हैं। आरोप है कि इंकार करने पर नंदोई ने उसे बुरी नीयत से दबोच लिया। अपने मंसूबों में कामयाब न होने पर पति को भड़का दिया, जिससे पति ने तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। आरोप है कि चार दिन पहले मायके आकर भी उसके साथ मारपीट की। एसएसपी ने गलशहीद पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

दूसरी महिला से संबंध के विरोध पर घर से निकाला
कटघर थाना क्षेत्र के मोहल्ला गुलाबबाड़ी निकट कृष्णा मंदिर निवासी एक महिला ने गुरुवार को एसएसपी से मुलाकात कर शिकायती पत्र सौंपा। महिला का कहना था कि उसका विवाह पांच साल पहले दिल्ली के शहादरा निवासी संजय सैनी से हुआ था। विवाह के दौरान मायके वालों ने पूरा घरेलू सामान व जेवर आदि देने के साथ ही करीब आठ लाख रुपए खर्च किए थे। इसके बाद भी ससुराली खुश नहीं थे और वह पांच लाख रुपए की मांग करने लगे। आरोप है कि इंकार करने पर ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की और पति अप्राकृतिक कृत्य करने लगा। विरोध करने पर वह भी मारपीट करता। महिला के अनुसार इस बीच पति के दूसरी औरत से भी अवैध संबंध हो गए। पति को उस महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा तो विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद पति व अन्य ससुरालियों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। धमकी दी कि अगर बिना पांच लाख रुपए के ससुराल आई तो जान से मार देंगे। एसएसपी ने कटघर थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को गर्म तेल से जलाया
मुगलपुरा थाना क्षेत्र के मोहल्ला कटघर बरवालान निवासी आरती ने एसएसपी को शिकायती प्रार्थना पत्र दिया। आरती का कहना था कि उसका विवाह सवा साल पहले विजय के साथ हुआ था। विवाह के वक्त मायके वालों ने करीब पांच लाख रुपए खर्च किए थे। कुछ दिन रहने के बाद ससुरालियों ने दहेज के लिए उसका उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। वह लोग पांच लाख रुपए और कार की मांग कर रहे थे। पति के अलावा ससुर जयप्रकाश, सास कमलजीत, देवर चंद्र और नंद शिवानी अक्सर उसके साथ मारपीट करते और भोजन भी नहीं देते। जानकारी होने पर मायके वालों ने यह मांग पूरी करने में असमर्थता जाहिर की तो ससुरालियों ने गर्म तेल डालकर उसके हाथ जला दिए, बाद में घर से निकाल दिया। आरती का कहना था कि ससुराली बिना दहेज ससुराल आने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एसएसपी ने मुगलपुरा पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

संबंधित समाचार