दिल्ली में इजरायली दूतावास के पास धमाका, जयशंकर ने की इजरायली समकक्ष से बात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। दिल्ली में इजरायली दूतावास के पास अब्दुल कलाम मार्ग पर जिंदल हाउस के निकट एक कोठी में शुक्रवार की शाम विस्फोट हुआ। पुलिस के मुताबिक विस्फोट की घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटनास्थल के पास पार्क किये गये तीन वाहनों की खिड़की के शीशे टूटने के अलावा संपत्ति …

नई दिल्ली। दिल्ली में इजरायली दूतावास के पास अब्दुल कलाम मार्ग पर जिंदल हाउस के निकट एक कोठी में शुक्रवार की शाम विस्फोट हुआ। पुलिस के मुताबिक विस्फोट की घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटनास्थल के पास पार्क किये गये तीन वाहनों की खिड़की के शीशे टूटने के अलावा संपत्ति का भी कोई खास नुकसान नहीं हुआ। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली पुलिस के आला अधिकारियों के संपर्क में हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक पांच एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग पर जिंदल हाउस के निकट शाम पांच बजकर पांच मिनट पर धमाका हुआ। यह विस्फोट अत्याधुनिक उपकरण के जरिए किया गया बहुत कम तीव्रता का धमाका था। प्रारंभिक जांच में यह से ऐसा लगता है कि यह विस्फोट सनसनी पैदा करने का शरारती प्रयास था। अग्निशमन विभाग ने बताया कि आज उसको पांच बजकर 11 मिनट पर विस्फोट के बारे में जानकारी मिली। विस्फोट में कुछ वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की गहन जांच की जा रही है। दिल्ली पुलिस आयुक्त एस एन श्रीवास्तव ने घटनास्थल का दौरा कर हालात का जायजा लिया।

इस बीच डा. एस जयशंकर ने कहा कि उन्होंने अपने इजरायली समकक्ष से बात की है और दूतावास के कर्मचारियों को पूरी सुरक्षा का आश्वासन दिया है। डा.जयशंकर ने ट्वीट कर कहा,“इजरायल दूतावास के बाहर विस्फोट के बारे में अभी इजरायल के विदेश मंत्री गबी एश्केनजी से बात हुयी। हमने इसे बहुत गंभीरता से लिया हैं। उन्हें इजरायली दूतावास और राजनयिकों के लिए पूरी सुरक्षा का आश्वासन दिया। मामले की जांच की जा रही है। अपराधियों को खोजने के लिए कोई प्रयास नहीं छोड़ा जाएगा।”

इजरायल के विदेश मंत्री ने एक बयान में कहा कि नयी दिल्ली में सभी राजनयिक और अन्य कर्मचारी सुरक्षित हैं और भारतीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं।

सीआईएसएफ ने दिल्ली में विस्फोट के बाद अपनी सभी इकाइयों को अलर्ट पर रखा
नागरिक हवाई अड्डों, महत्वपूर्ण परमाणु और एयरोस्पेस प्रतिष्ठानों, दिल्ली मेट्रो और केंद्र सरकार की इमारतों की रखवाली करने वाली सीआईएसएफ ने इजरायली दूतावास के बाहर एक मामूली आईईडी विस्फोट के बाद देश भर में अपनी सभी इकाइयों को अलर्ट पर रखा है। अर्धसैनिक बल ने अपने कर्मियों को परमाणु और एयरोस्पेस संस्थानों के अलावा 63 नागरिक हवाई अड्डों और दिल्ली मेट्रो पर निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया है । उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में विभिन्न सरकारी इमारतों की रक्षा करने वाली केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाइयों को ‘उच्च स्तरीय सतर्कता’ बनाए रखने के लिए कहा गया है।

गौरतलब है कि फरवरी 2012 में भी, उसी इलाके में एक विस्फोट हुआ था जिसमें इज़राइल दूतावास की एक महिला अधिकारी घायल हो गई थी। दो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने एक वाहन के पीछे स्टिकर बम का इस्तेमाल कर उस विस्फोट को अंजाम दिया था।

संबंधित समाचार