बरेली: मंत्री जी बोले- ‘युवाओं में हुनर नहीं, इसलिए बेरोजगारी है’

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव शुक्रवार दोपहर को सर्किट हाउस पहुंचे। वहां पत्रकारों ने पूछा कि आखिर क्या वजह है कि युवा आज भी बेरोजगार हैं। इस सवाल के जवाब में राज्यमंत्री ने जो जवाब दिया वो युवाओं को आहत कर सकता है। उन्होंने कहा कि नौकरियां तो हैं …

बरेली, अमृत विचार। व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव शुक्रवार दोपहर को सर्किट हाउस पहुंचे। वहां पत्रकारों ने पूछा कि आखिर क्या वजह है कि युवा आज भी बेरोजगार हैं। इस सवाल के जवाब में राज्यमंत्री ने जो जवाब दिया वो युवाओं को आहत कर सकता है। उन्होंने कहा कि नौकरियां तो हैं मगर युवाओं के पास हुनर नहीं है। जिस युवा के पास हुनर है आज उसके पास नौकरी है।

उन्होंने कहा कि यदि युवाओं के पास हुनर है तो वह प्रधानमंत्री कौशल मिशन-3 में अपना पंजीकरण कराएं, उन्हें नौकरी जरूर मिलेगी। अब लोग केवल सरकारी नौकरी के भरोसे न रहें। कंपनियों में भी नौकरी करने वाले बेरोजगार नहीं होते।

राज्यमंत्री कपिल देव शर्मा लंच के बाद वह यहां से लखनऊ के लिए रवाना हो गए। इससे पहले उन्होंने प्रेस वार्ता की, जिसमें उन्होंने कहा कि जो युवा कहते हैं कि प्रदेश में नौकरियों की कमी है उनके लिए एक प्रधानमंत्री कौशल मिशन-3 पोर्टल शुरू किया गया है। उन्हें यहां आवेदन करना चाहिए जिससे जिस कंपनी को जैसा कर्मचारी चाहिए होगा वे वहां उससे संपर्क करके रोजगार दे देंगे।

इसके बाद उन्होंने कहा कि अब सिर्फ पढ़ाई से काम नहीं चलने वाला। अगर वह स्वावलंबी बनना चाहते हैं तो कौशल विकास के तहत उन्हें स्किल्स में इजाफा करने की जरूरत है। देव शर्मा बोले कि उनकी सरकार ने कोरोना काल में करीब चार लाख लोगों को रोजगार देने की योजना बनाई थी। जिनमें से तमाम लोगों को रोजगार दिया भी गया मगर कितने को दिया गया, इस बात को वह मौके पर नहीं बता सके।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने अब युवाओं को शुरू से ही कौशल विकास से जोड़ने के लिए कक्षा छह से ग्रेजुएशन तक की शिक्षा को तीन भागों में बांट दिया है। इसमें पहला भाग छह से आठ तक, दूसरा नौ से 12वीं और तीसरा 12वीं से स्नातक तक का है। हर वर्ग में अलग-अलग तरीके से युवाओं के कौशल विकास को बढ़ाया जाएगा।

जुबान फिसली- कहना था अहित मगर बोल गए हित
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करने के दौरान राज्यमंत्री कपिल देव दिल्ली में किसानों के आंदोलन पर बोल पड़े कि प्रधानमंत्री मोदी कभी भी ‘किसानों का हित नहीं कर सकते’। हालांकि, इसके बाद उन्होंने अपने वाक्य में सुधार करते हुए तुरंत बोला कि हित नहीं, अहित नहीं कर सकते हैं। यानि प्रधानमंत्री कभी भी किसानों का अहित नहीं कर सकते। वह हमेशा किसानों के हित में सोचते हैं।

संबंधित समाचार