मुरादाबाद : बेटियां ने रचा इतिहास, मिशन शक्ति को मिली उड़ान
मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रशानिक अमला तैयार था। फरियादी भी रोजाना की तरह चलते आए। विभागों में तैयारी थी। मिशन शक्ति में जिन बेटियों को विभाग की कमान दी गयी थी, उनके चेहरे पर गजब का उत्साह था। वास्तविक अधिकारी भी इस बात को लेकर संजीदा थे कि सरकार की सोच वास्तविक धरातल पर दिखे। डीएम, …
मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रशानिक अमला तैयार था। फरियादी भी रोजाना की तरह चलते आए। विभागों में तैयारी थी। मिशन शक्ति में जिन बेटियों को विभाग की कमान दी गयी थी, उनके चेहरे पर गजब का उत्साह था। वास्तविक अधिकारी भी इस बात को लेकर संजीदा थे कि सरकार की सोच वास्तविक धरातल पर दिखे। डीएम, एसएसपी सहित प्रमुख प्रशानिक पदों पर इतिहास रचा गया।
शनिवार को इंटर की टापर बेटियां प्रशासनिक पदों की जिम्मेदारी थी। शिखाराज सैनी ने जिलाधिकारी बनकर दो घंटे की शानदार पारी खेली। कलेक्ट्रेट से जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड तक का भ्रमण किया। मोनिका गुप्ता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में लोगों की फरियाद सुनी। मुस्कान चौहान नगर आयुक्त के रूप में शहर की सफाई व्यवस्था का सच पता किया।
श्रद्धा विश्नोई नगर मजिस्ट्रेट के रूप में वीआईपी दौरा औ असलहा के नवीनीकरण के दौरान मजिस्ट्रेट की भूमिका का निर्वाह किया। महक मंसूरी उपश्रमायुक्त बनीं। अकांक्षा सक्सेना जिला पूर्ति अधिकारी के रूप में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की निगरानी की। श्रष्टि अग्रवाल को मुख्य चिकित्साधिकारी का काम देखा। वैशाली चौहान अपर जिलाधिकारी प्रशासन, साक्षी निशाद अपर जिलाधिकारी नगर, पल्लवी गौड़ उपजिलाधिकारी सदर, अलतिशा जिला विद्यालय निरीक्षक और आरती सैनी बेसिक शिक्षा अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह किया।
प्रिया अग्रवाल ने नगर आयुक्त का स्वागत किया
मिशन_शक्ति अभियान में नगर आयुक्त बनीं मुस्कान चौहान का विभाग की ओर से स्वागत किया गया। सेव गर्ल अभियान की प्रिया अग्रवाल ने कहा कि यह बेटियों के सम्मान का शानदार प्रयास है। इससे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ मुहिम में बेटियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा। नामित नगर आयुक्त ने शहर की समस्याओं के साथ स्वच्छता की चर्चा की।
नामित एसएसपी ने दर्ज कराया तीन तलाक का मुकदमा
दिन शनिवार, जिले की पुलिस अफसरों की हर महत्वपूर्ण सीट पर होनहार छात्राओं का अधिकार, भले यह अधिकार कुछ घंटों के लिए मिला हो लेकिन उन्होंने अपने तरीके से जिले के आला अफसरों को भी उनकी तारीफ करने के लिए मजबूर कर दिया। त्वरित फैसला और कार्रवाई के आदेश, इन छात्राओं की प्राथमिकता में रहा। किसी ने महिला उत्पीड़न करने वालों पर रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए तो किसी ने सड़क पर उतरकर यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों को सबक सिखाया। नियम-कानून का पाठ पढ़ाने के साथ ही उनका चालान करने के आदेश कर दिए। इतना ही नहीं पुलिसिंग को बेहतर करने और अपराध कम करने के लिए इन छात्राओं ने अपने सुझाव भी अफसरों के सामने रखे।
शासन के आदेश के बाद मिशन शक्ति के तहत पुलिस विभाग की सभी महत्वपूर्ण सीटों पर होनहार छात्राओं को नामित किया गया था। इसी के तहत मोनिका गुप्ता को एसएसपी, सृष्टि को एसपी देहात, वंशिका प्रजापति को एसपी सिटी, वर्दा फातिमा को एसपी ट्रैफिक और वैष्णवी लाठे को एएसपी के पद के लिए नामित किया गया था। शनिवार को सुबह दस बजे नामित अफसर छात्राओं को लेने के लिए पुलिस कर्मी सरकारी वाहनों के साथ पहुंच गए थे। एसएसपी कार्यालय में मोनिका गुप्ता व एसपी देहात सृष्टि ने बैठकर करीब एक घंटे तक जन समस्याओं को सुना। इस दौरान बारीकी से समस्याएं सुनने के साथ ही उन्होंने फरियादियों से पहले संबंधित थाने में शिकायत दर्ज करने के संबंध में पूछताछ की।
तीन तलाक के मुकदमे के दिए आदेश
नामित एसएसपी मोनिका गुप्ता व एसपी देहात सृष्टि ने करीब 35 शिकायतें सुनी। सभी पर जरूरी कार्रवाई के आदेश दिए। सुनवाई के दौरान कटघर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने पति व अन्य ससुरालियों पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। साथ ही महिला का कहना था कि पति ने तीन तलाक दे दिया है। जिस पर मोनिका ने पूछा कि क्या वह रिपोर्ट दर्ज कराना चाहती हैं तो महिला ने हामी भर दी। जिसके बाद उन्होंने कटघर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश कर दिए।
नामित एसपी सिटी व ट्रैफिक ने दिए चालान के आदेश
वहीं एसपी सिटी वंशिका प्रजापति व एसपी ट्रैफिक वर्दा फातिमा ने कैंप कार्यालय पर फरियादियों की समस्याएं सुनी। इसके बाद दोनों ने पीएसी तिराहे पहुंचकर वाहनों को चेक किया। नियमों की अनदेखी करने वालों की दोनों ने जमकर फटकार लगाई। साथ ही सभी का चालान करने के निर्देश दिए। वहीं नामित एएसपी वैष्णवी लाठे ने जन समस्याएं सुनी। कई मामलों में उन्होंने कार्रवाई के आदेश दिए।
अधिकारी बनकर बोलीं बेटियां….
इस आयोजन से बेटी की शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा: स्नेहा
हाईस्कूल की परीक्षा में जनपद में प्रथम स्थान हासिल करने वाली छात्रा स्नेहा त्यागी को दो घंटे के लिए मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया। सीडीओ की कुर्सी पर बैठी स्नेहा ने कहा कि वह आज काफी गर्व महसूस कर रही हैं। जो लोग अपनी बेटियों को नहीं पढ़ाते हैं उनके लिए यह आयोजन प्रेरणादायी साबित होगा। आज मुझे इस कुर्सी पर बैठने का मौका मिला, क्योंकि मेरे माता-पिता ने मुझे पढ़ाया। इसलिए लोग अपनी बेटियों को जरूर पढ़ाए। मैं प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को धन्यवाद देना चाहुंगी कि उन्होंने मिशन शक्ति के तहत हम लोगों को यह मौका दिया।
ग्रामीण इलाकों के विकास से बढ़ेगा देश: आलिया
हाईस्कूल की परीक्षा में टापर रही छात्रा आलिया मोबीन को जिला विकास अधिकारी बनाया गया। डीडीए की कुर्सी पर बैठी आलिया मोबीन ने सबसे पहले सरकार का धन्यवाद किया। जिला विकास अधिकारी के रूप में छात्रा ने सभी विकास कार्यों को देखा और कहा कि ग्रामीण इलाकों में विकास सबसे जरूरी है। जब तक ग्रामीण इलाकों का विकास नहीं होगा, तब तक देश का विकास अधूरा है। इसलिए मैं जिला विकास अधिकारी के रूप में यहीं चाहुंगी की ग्रामीणा क्षेत्रों का ज्यादा से ज्यादा विकास किया जाये। इसके बाद उन्होंने अपने विभाग के सभी कर्मचारियों का हाजिरी रजिस्टर देखा।
माता-पिता की वजह से मिला यह सम्मान: यशी
हाईस्कूल की टापर छात्रा यशी सैरावती को परियोजना निदेशक बनाया गया। डीआरडीए की कुर्सी पर बैठी मेधावी छात्रा यशी सैरावती ने कहा कि मैं अधिकारी बनकर काफी खुश हूं। यहां सब मेरे माता-पिता की वजह से ही मुमकिन हुआ है, क्योंकि उन्होंने मुझे पढ़ाकर इस मुकाम तक पहुंचाया। इस लिए लोगों को चाहिए की वह अपनी बेटियों को पढ़ाएं। इसके अलावा यशी ने परियोजना निदेशक के काम को भी समझा और बताया कि मनरेगा के तहत कोरोना काल में काफी लोगों को रोजगार दिया गया है।
बेटी पढ़ेगी तभी तो देश आगे बढ़ेगा: खुशबू
इंटरमीडिएट की टापर खुशबू सिंह को जिला प्रबोशन अधिकारी बनाया गया। दो घंटे के लिए प्रबोशन अधिकारी की कमान संभाल रही खुशबू सिंह ने कहा मैं सरकार का धन्यवाद देना चाहती हूं कि मिशन शक्ति के तहत हम लोगों को अधिकारी बनने का मौका दिया। मैं चाहती हूं कि सरकार को ऐसी योजना चलाई जानी चाहिए जिसमें घर-घर जाकर लोगों को इस बात के लिए जागरूक किया जाये कि सभी लोग अपनी बेटी को जरूर पढ़ाएं। समाज के कुछ लोग आज भी बेटी को पढ़ाना जरूरी नहीं समझते हैं, जोकि गलत है। बेटी पढ़ेगी तभी तो देश आगे बढ़ेगा।
अफसर बनकर करूंगी जनता की सेवा: चानू
इंटर की टापर चानू लांबा को जिला कार्यक्रम अधिकारी बनाया गया। डीपीओ की कुर्सी पर बैठी छात्रा ने कहा मुझे अपने माता-पिता पर आज गर्व हो रहा है, क्योंकि अगर मेरे माता-पिता मुझे नहीं पढ़ाते तो आज मुझे यह सम्मान नहीं मिलता। दो घंटे में छात्रा चानू लांबा ने जिला कार्यक्रम अधिकारी के काम को समझा। छात्रा ने कहा कि मैं अधिकारी बनकर जनता की सेवा करना चाहुंगी। इसके बाद छात्रा ने डीपीओ अनुपमा शांडिल्य से मिशन शक्ति के बारे में जानकारी भी ली।
किसानों की समस्या का करूंगी समाधान: वंशिका
इंटर की टापर छात्रा वंशिका को जिला कृषि अधिकारी बनाया गया। छात्रा ने कहा आज मैं कृषि विभाग के बारे में सारी जानकारी लेकर जाऊंगी। यह विभाग काफी अच्छा है। क्योंकि इसी विभाग से हमारे किसान जुड़े होते हैं। अगर मुझे भविष्य में जिला कृषि अधिकारी बनने का मौका मिला तो मैं किसानों की हर समस्या का समाधन करूंगी। इसके अलावा छात्रा ने कहा कि मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री को धन्यवाद देना चाहुंगी कि उन्होंने आज हमें इस पद पर बैठाया है।
दो लोगों की सुनी फरियाद
दो घंटे के लिए मुख्य विकास अधिकारी बनी मेधावी छात्रा स्नेहा त्यागी ने दो लोगों की समस्या सुनी। शनिवार को दो लोग प्रधानमंत्री आवास के लिए अपनी फरियाद लेकर मुख्य विकास अधिकारी के कार्यालय पहुंचे। उस समय छात्रा स्नेहा त्यागी सीडीओ की कमान संभाल रही थीं। जिसके चलते सीडीओ बनी छात्रा ने उन दोनों की समस्या को सुना और बीडीओ को उसका समाधान कराने के लिए निर्देशित किया।
