अमरोहा : कब्र से विवाहिता का शव निकालकर पोस्टमार्टम को भेजा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। डीएम के आदेश पर पुलिस ने विवाहिता के शव को कब्र से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। विवाहिता की दहेज हत्या को लेकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। वहीं पिता मुशाहिद की शिकायत पर डीएम के आदेश …

अमरोहा, अमृत विचार। डीएम के आदेश पर पुलिस ने विवाहिता के शव को कब्र से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। विवाहिता की दहेज हत्या को लेकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। वहीं पिता मुशाहिद की शिकायत पर डीएम के आदेश के बाद रविवार को 32 दिन बाद पुलिस ने शव कब्रिस्तान से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम को भेजा।

थाना अमरोहा देहात क्षेत्र के गांव कांकर सराय में मुशाहिद अली का परिवार रहता है। उन्होंने अपनी बेटी नाजुक जहां की शादी 10 दिसंबर 2020 को सम्भल जनपद के गांव सिरसी में फिरोज के साथ की थी। नाजुक जहां के मायके वालों का आरोप है कि उसके ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। बीती 31 दिसंबर 2020 को नाजुक जहां की उसकी ससुराल गांव सिरसी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।

नाजुक जहां के मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति फिरोज समेत ससुराल पक्ष के चार लोागों पर संभल जनपद के थाना नखासा में मुकदमा दर्ज करा दिया था। पोस्टमार्टम के बाद मायके वालों ने शव को अपने गांव लाकर सुपुर्दे खाक कर दिया गया था। संभल में हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नाजुक की मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया था। हालांकि पुलिस ने पति व सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

मायके वालों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ससुराल वालों की मिलीभगत का आरोप लगाया था। उनका आरोप था कि विवाहिता के सिर में किसी धारदार हथियार से वार किया गया था और शरीर पर काफी गंभीर चोट के निशान हैं। कुछ दिन पहले मृतका नाजुक के पिता मुशाहिद ने शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने के लिए डीएम उमेश मिश्र से गुहार लगाई थी।

रविवार को डीएम के आदेश के बाद सीओ विजय कुमार राना व एसओ देहात सुरेश गौतम ने गांव कांकर सराय पहुंचकर पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कब्र खोदवा कर शव बाहर निकाला और उसे पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। सीओ सिटी विजय कुमार राना ने बताया कि डीएम के आदेश के बाद शव क्रब से बाहर निकालकर उसको पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद शव को दफनाया जाएगा।

संबंधित समाचार